10 देसी गायों की डेयरी शुरू करने पर 11.80 लाख तक अनुदान, ऐसे मिलेगा फायदा

10 देसी गायों की डेयरी शुरू करने पर 11.80 लाख तक अनुदान, ऐसे मिलेगा फायदा


Mini Nandini Krishak Samriddhi: अगर आप पशुपालन शुरू करके अपनी कमाई बढ़ाना चाहते हैं तो उत्तर प्रदेश सरकार की मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना आपके काम आ सकती है. इस योजना के तहत 10 देसी गायों की डेयरी यूनिट शुरू करने के लिए सरकार की तरफ से लागत का 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है. अधिकतम अनुदान 11.80 लाख रुपये तक है. हालांकि, इसका लाभ लेने के लिए किसानों को कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी.

यह योजना उत्तर प्रदेश सरकार के नन्द बाबा दुग्ध मिशन के तहत चलाई जा रही है. इसका मकसद प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाने के साथ ज्यादा से ज्यादा किसानों को पशुपालन से जोड़ना है. योजना के तहत किसान 10 देसी गायों की डेयरी यूनिट लगा सकते हैं. डेयरी शुरू करने में आने वाली लागत का आधा हिस्सा यानी 50 प्रतिशत तक सरकार अनुदान के रूप में देगी. इसकी अधिकतम सीमा 11.80 लाख रुपये रखी गई है. इससे किसानों को डेयरी शुरू करने के शुरुआती खर्च का बोझ कम करने में मदद मिल सकती है.

3 साल का पशुपालन अनुभव जरूरी

इस योजना का लाभ हर किसान को सीधे नहीं मिलेगा.

  • आवेदन करने वाले किसान के पास गोपालन या पशुपालन का कम से कम 3 साल का अनुभव होना चाहिए.
  • डेयरी यूनिट लगाने और हरे चारे की व्यवस्था के लिए करीब 0.20 एकड़ यानी 8,712 वर्ग फुट जमीन होनी चाहिए.
  • गायों के रहने के लिए सही जगह और शेड की व्यवस्था होनी चाहिए.
  • किसान को चारे और पशुओं की देखभाल का भी इंतजाम करना होगा.

ये किसान नहीं होंगे पात्र

मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना में कुछ किसानों को पात्र नहीं माना गया है. जिन किसानों ने पहले कामधेनु योजना या नन्द बाबा दुग्ध मिशन की अन्य पुरानी योजनाओं का लाभ लिया है, वे इस योजना के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे. इसलिए आवेदन करने से पहले किसान यह जरूर जांच लें कि वे योजना की पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं या नहीं.

यह भी पढ़ें: डेयरी शुरू करने की प्लानिंग? चुनें गाय की ये नस्लें, 35 लीटर तक देती हैं दूध

आवेदन के लिए ये कागज रखें तैयार

योजना में आवेदन करते समय कुछ जरूरी दस्तावेजों की जरूरत होगी. इनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक की कॉपी, जमीन की खतौनी और मोबाइल नंबर प्रमुख हैं. आवेदन करने से पहले सभी दस्तावेज तैयार रखना बेहतर रहेगा, ताकि प्रक्रिया के दौरान परेशानी न हो.

ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन

मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के लिए किसान नन्द बाबा दुग्ध मिशन के आधिकारिक पोर्टल (nandbabadugdhmission.up.gov.in) के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. योजना का लाभ ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिए जाने की जानकारी दी गई है.

यह भी पढ़ें: पशुपालकों के लिए बड़ी खबर, देशभर में खुलेंगी 75 हजार नई डेयरियां



Source link