Gold Jewellery Isurance: भारत में सोना खरीदना शुभ तो माना ही जाता है लेकिन ये निवेश का भी एक बड़ा साधन है. लोग त्यौहारों के मौके पर गोल्ड खरीदते हैं और उसे एक निवेश की तरह अपने पास संभालकर रखते हैं. लेकिन इसकी सुरक्षा का क्या? ये सवाल कई बार मन में आता है. क्योंकि चोरी, सेंधमारी जैसी घटनाएं आजकल आम हो गई हैं. ऐसे में भारी मात्रा तो क्या थोड़ी मात्रा में भी सोना घर पर रखना सुरक्षित नहीं है. ऐसे में क्या किया जा सकता है?
सोने का कराएं बीमा
अगर आपके पास अच्छी- खासी मात्रा में सोना है, तो आप उसे सुरक्षित रखने के लिए उसका बीमा करवा सकते हैं. इससे ये सुरक्षित रहेगा और आप टेंशन फ्री रहेंगे. इसमें आप गहने, सोने के सिक्के, बिस्किट आदि का बीमा करवा सकते हैं. इस बीमा में चोरी, लूटपाट, बैंक लॉकर से चोरी और ट्रैवल के दौरान गोल्ड खो जाने के नुकसान भी शामिल हैं. इसका प्रीमियम हर साल के हिसाब से सोने की कीमत का महज 1 प्रतिशत या 2 प्रतिशत तक ही होता है. ये बहुत ही आसान और सुरक्षित तरीका है, अपने गहनों को सिक्योर करने का.
क्यों है जरूरी?
कई लोगों को लगता है कि उनके घर में यदि गोल्ड है तो वो सुरक्षित ही होगा. लेकिन ऐसा नहीं है, अनहोनी कभी भी और कहीं भी हो सकती है. यहां आपको जरूरी पॉइंट्स के साथ बताते हैं कि गोल्ड का बीमा क्यों जरूरी है.
- ये आम लोगों की जमापूंजी का सुरक्षा कवच है.
- सोने का बीमा करवाने से भावनाएं भी सुरक्षित रहती हैं, क्योंकि सोना या कोई भी ज्वेलरी लोगों की भावनाओं से भी जुड़ी होती है.
- सोना चोरी होने पर क्लेम मिल जाता है और ज्यादा नुकसान का सामना नहीं करना पड़ता है.
- किसी प्राकृतिक आपदा के तहत अगर सोना खो गया है तब भी आपको क्लेम मिल जाएगा.
- यदि सोना किसी गलती से खो गया है तो इसका नुकसान भी कवर कर लिया जाता है.
यदि आपने अब तक इस बारे में नहीं सोचा है, तो अभी भी समय है क्योंकि सोने की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है. ऐसे में इस पर खतरा भी मंडरा रहा है, किसी भी परेशानी और टेंशन से बचने के लिए आप जल्दी ही इसका बीमा करवा सकते हैं.






