Buddha Purnima 2026: कैसे हुई बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति, जानें ये कथा

Buddha Purnima 2026: कैसे हुई बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति, जानें ये कथा


Buddha Purnima 2026: बुद्ध पूर्णिमा 1 मई 2026 को है. बुद्ध पूर्णिमा बौद्ध धर्म का सबसे पवित्र पर्व माना जाता है. इस दिन गौतम बुद्ध का जन्म, ज्ञान प्राप्ति (बोध) और महापरिनिर्वाण तीनों घटनाएं हुई थीं, इसलिए इसे अत्यंत विशेष माना जाता है. क्या आप जानते हैं वो कौन सी वजह थी जिसके कारण राजसुख छोड़कर गौतम बुद्ध ने तपस्या का मार्ग चुना. कैसे हुई उन्हें ज्ञान की प्राप्ति, आइए जानते हैं

इस तरह हुई गौतम बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति

राजकुमार सिद्धार्थ एक सुख सुविधाओं से भरे जीवन में रहते थे लेकिन जब उन्होंने जीवन के दुख, बुढ़ापा, बीमारी और मृत्यु को देखा, तो उनके मन में संसार के सत्य को जानने की तीव्र इच्छा जागी. 21 साल की आयु में सिद्धार्थ ने राजपाठ का त्याग करते हुए साधु का जीवन अपना लिया. सिद्धार्थ ने वर्षों तक कठिन तपस्या की, लेकिन उन्हें महसूस हुआ कि इतना कष्ट देने से ज्ञान नहीं मिलता, तब उन्होंने दूसरा मार्ग अपनाया जिसमें न अधिक भोग, न अधिक त्याग था.

वे बोधगया में एक पीपल के पेड़ (बोधि वृक्ष) के नीचे बैठ गए और संकल्प लिया कि जब तक सत्य का ज्ञान नहीं होगा, वे उठेंगे नहीं. गहरी साधना के दौरान उन्हें कई मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने ध्यान भंग नहीं होने दिया और धैर्य रखा. फिर आखिरकार उन्हें सर्वोच्च ज्ञान प्राप्त हुआ. ज्ञान प्राप्ति के बाद सिद्धार्थ बुद्ध के नाम से जाने जाने लगे. बुद्ध ने अपना पहला उपदेश सारनाथ में दिया जिसे बौद्ध ग्रंथों में धर्मचक्र प्रवर्तन कहा जाता है.

गौतम बुद्ध का अहम किस्सा

एक बार बुद्ध अपने शिष्यों के साथ यात्रा पर थे. चलते-चलते वे एक नदी के किनारे पहुंचे. वहीं उन्होंने देखा कि चार विद्वान व्यक्ति कह रहे थे कि इस नाव ने उनकी नदी पार करने में मदद की, इसलिए इसे यूं ही छोड़ देना उचित नहीं होगा.

उनमें से एक ने सुझाव दिया कि जब यह नाव हमारे इतने काम आई है, तो हमें इसके प्रति आभार जताना चाहिए. क्यों न हम इस नाव को अपने सिर पर उठाकर साथ ले चलें. बाकी तीनों ने भी इस बात से सहमति जताई और चारों ने मिलकर नाव को सिर पर उठा लिया और आगे बढ़ने लगे.

रास्ते में लोगों ने उन्हें इस अजीब घटना के बारे में पूछा. उन्होंने जवाब दिया कि यह उनका धन्यवाद देने का तरीका है. यह पूरा दृश्य बुद्ध और उनके शिष्य देख रहे थे. शिष्यों ने उत्सुकता से बुद्ध से पूछा कि इस घटना से क्या समझा जाए.

बुद्ध की सीख- बुद्ध ने शांत स्वर में कहा कि यह उनकी अपनी सोच है, लेकिन इसमें एक गहरी सीख छिपी है. उन्होंने समझाया कि जीवन में हम जिन चीजों का उपयोग करते हैं, अक्सर उनको मोह में फंस जाते हैं. यह लगाव हमें आगे बढ़ने से रोक देता है.

जैसे नाव का उद्देश्य केवल नदी पार कराना था, उसी तरह जीवन की सुविधाएं भी केवल साधन हैं, लक्ष्य नहीं. जब उनका काम पूरा हो जाए, तो उन्हें छोड़ देना ही बुद्धिमानी है. अगर हम साधनों को ही पकड़कर बैठे रहेंगे, तो अपने असली लक्ष्य तक कैसे पहुंचेंगे? इसलिए जरूरी है कि हम चीजों का उपयोग करें, लेकिन उनसे बंधे न रहें तभी जीवन में सच्ची प्रगति संभव है.

May 2026 Ekadashi: मई में अपरा और पद्मिनी एकादशी कब ? नोट करें डेट, मुहूर्त

Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.



Source link