समुद्र के अंदर गोली की रफ्तार से चलने वाला एक ऐसा हथियार, जो दुश्मन के जहाज और पनडुब्बियों को चीर सकता है- ईरान का ‘हूट’ टॉरपीडो इन दिनों चर्चा में है. अमेरिका के साथ तनाव और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर गतिरोध के बीच ईरान ने इस ‘खौफनाक हथियार’ का संकेत दिया है, जिससे अटकलें और तेज हो गई हैं.
ईरान की चेतावनी और नया हथियार
ईरान की नौसेना के कमांडर शाहराम ईरानी ने कहा कि उनका देश बहुत जल्द दुश्मनों पर ‘नए हथियार’ से हमला करेगा. उन्होंने इशारा दिया कि यह हथियार दुश्मनों के बेहद करीब है और उन्हें बड़ा झटका दे सकता है.
क्या है ‘हूट’ टॉरपीडो?
इंडिया टुडे की रिपोर्ट में कहा गया है कि रक्षा विशेषज्ञ संदीप उन्नीथन के मुताबिक, यह ‘हूट’ नाम का रॉकेट टॉरपीडो हो सकता है, जिसका परीक्षण ईरान ने करीब 2006 में गुप्त रूप से किया था. ‘हूट’ का मतलब फारसी में व्हेल होता है और इसे दुनिया के सबसे तेज अंडरवॉटर हथियारों में गिना जाता है.
सुपर-कैविटेशन टेक्नोलॉजी क्या है?
साधारण टॉरपीडो पानी के अंदर 60-100 किमी/घंटा की रफ्तार से चलते हैं, लेकिन ईरान का दावा है कि ‘हूट’ 360 किमी/घंटा से ज्यादा की गति पकड़ सकता है. यह संभव होता है ‘सुपर-कैविटेशन’ तकनीक से, जिसमें टॉरपीडो अपने चारों ओर गैस का बुलबुला बना लेता है. इससे पानी का घर्षण कम हो जाता है और हथियार बहुत तेज चल पाता है- जैसे पानी के अंदर हाई-स्पीड रनवे बन गया हो.
खासियत और ताकत
‘हूट’ की सबसे बड़ी ताकत इसकी रफ्तार और 200 किलो से ज्यादा विस्फोटक ले जाने की क्षमता है. यह ‘फायर एंड फॉरगेट’ हथियार माना जाता है, यानी एक बार छोड़ने के बाद खुद ही लक्ष्य की ओर बढ़ता है.
कमजोरियां भी कम नहीं
इतनी तेज रफ्तार की कीमत भी चुकानी पड़ती है. ‘हूट’ की रेंज सिर्फ करीब 15 किमी है, जबकि सामान्य टॉरपीडो 30 किमी तक जा सकते हैं. इसके अलावा, इतनी तेज गति और गैस बुलबुले की वजह से इसे सही निशाने पर ले जाना मुश्किल होता है, क्योंकि सोनार सिस्टम में रुकावट आती है.
क्या यह अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर को डुबो सकता है?
अमेरिका के बड़े युद्धपोत, जैसे USS Abraham Lincoln, बेहद मजबूत होते हैं. इनमें कई परतों वाली सुरक्षा, भारी कवच और आसपास पूरा सुरक्षा घेरा होता है, जिसे ‘कैरियर स्ट्राइक ग्रुप’ कहा जाता है. ऐसे में ‘हूट’ को लॉन्च करने के लिए ईरान को बहुत करीब आना पड़ेगा, जो खुले समुद्र में लगभग नामुमकिन और आत्मघाती कदम माना जाता है.
कहां हो सकता है इस्तेमाल?
विशेषज्ञों के अनुसार, ‘हूट’ का इस्तेमाल सबसे ज्यादा संभावना स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जैसे संकरे इलाकों में हो सकता है, जहां बड़े जहाजों की आवाजाही सीमित होती है. हालांकि, अमेरिकी जहाज पहले से ही ऐसे इलाकों से दूरी बनाकर चलते हैं ताकि किसी अचानक हमले से बच सकें.





