जल्दबाजी में नौकरी छोड़ने का फैसला पड़ सकता है भारी, पहले जान लें ये जरूरी बातें

जल्दबाजी में नौकरी छोड़ने का फैसला पड़ सकता है भारी, पहले जान लें ये जरूरी बातें


Things To Do Before Quitting Your Job: नौकरी छोड़ने का विचार कई बार अचानक नहीं आता. धीरे-धीरे जमा हुई थकान, ऑफिस की राजनीति, कम वेतन या खुद को नजरअंदाज महसूस करना इंसान को उस मोड़ पर ला खड़ा करता है, जहां सब कुछ छोड़ देने का मन होने लगता है. लेकिन इस्तीफा देने से पहले थोड़ा ठहरकर सोचना जरूरी है, क्योंकि जल्दबाजी में लिया गया फैसला बाद में परेशानी भी बन सकता है. इसलिए नौकरी छोड़ने से पहले कुछ बातों को समझ लेना बेहद जरूरी है. 

जिंदगी में किस बात को समझना सबसे जरूरी

सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि नौकरी और जीवन का उद्देश्य हमेशा एक ही चीज नहीं होते. लंबे समय से लोगों को यह सिखाया गया है कि वही काम करो जिससे प्यार हो, लेकिन असल जिंदगी हमेशा इतनी आसान नहीं होती. हर नौकरी आपको पूरी तरह संतुष्ट नहीं कर सकती. कई बार नौकरी सिर्फ आर्थिक स्थिरता देने का जरिया होती है, ताकि आप अपने अगले कदम के बारे में सोच सकें. इसलिए यह उम्मीद छोड़ देना बेहतर है कि हर नौकरी आपके जीवन का मकसद बन जाएगी.

नौकरी आपके जीवन में व्यक्तिगत असफलता नहीं होती 

इसके साथ ही खुद को केवल अपने पद या वेतन से जोड़कर देखना भी गलत है. आपकी पहचान सिर्फ आपके ऑफिस के नाम या कुर्सी से तय नहीं होती. हो सकता है कि इस बार आपकी परफॉर्मेंस अच्छी न रही हो या आपको मनचाहा सम्मान न मिला हो, लेकिन इससे आपकी असली कीमत कम नहीं हो जाती, आप एक अच्छे इंसान, दोस्त, साथी या परिवार के सदस्य भी हैं. जब इंसान अपनी आत्मसम्मान को नौकरी से अलग करना सीख लेता है, तब वह पेशेवर उतार-चढ़ाव को व्यक्तिगत असफलता की तरह नहीं देखता.

इंसान की जिंदगी सिर्फ ऑफिस तक नहीं

काम के दबाव से बाहर निकलने के लिए अपने लिए कुछ छोटे-छोटे पल बनाना भी जरूरी है. जैसे सुबह थोड़ी देर टहलना, पसंदीदा गाने सुनना या किसी पुराने शौक को फिर से शुरू करना. ये छोटी चीजें आपको याद दिलाती हैं कि जिंदगी सिर्फ ऑफिस तक सीमित नहीं है. धीरे-धीरे यही आदतें मानसिक संतुलन बनाए रखने में मदद करती हैं.

इसे भी पढ़ें- मदर्स डे पर अपनी मां को भेजें ये प्यारे मैसेज, उनके चेहरे पर तुरंत आ जाएगी मुस्कान

नौकरी करते हुए तलाशें नए विकल्प

अगर आपको लगता है कि नौकरी छोड़ना ही सही फैसला है, तो पहले दूसरे विकल्पों को समझना शुरू करें. कोई नया कोर्स करें, दूसरे क्षेत्र के लोगों से बात करें या फ्रीलांस काम की संभावना तलाशें. नौकरी करते हुए नए रास्ते ढूंढना ज्यादा सुरक्षित होता है, क्योंकि इससे आर्थिक दबाव कम रहता है और सोचने का समय भी मिलता है.

फैसला लेने से पहले खुद को समय दीजिए

सबसे जरूरी बात यह है कि काम के बाहर भी अपनी एक दुनिया बनाइए. अच्छे दोस्त, परिवार, शौक और अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देना उतना ही जरूरी है जितना करियर. जब खुशी और आत्मविश्वास सिर्फ नौकरी पर निर्भर नहीं रहते, तब नौकरी की परेशानियां भी इंसान को पूरी तरह नहीं तोड़ पातीं. इसलिए फैसला लेने से पहले खुद को समय दीजिए, तैयारी कीजिए और फिर पूरे भरोसे के साथ आगे बढ़िए.

इसे भी पढ़ें- मदर्स डे पर ‘मां’ को फील कराएं स्पेशल, अपने हाथों से बनाएं गिफ्ट; ये रहे यूनीक आइडिया



Source link