हाई ब्लड प्रेशर में भारी वजन उठाना है खतरनाक, वर्कआउट से पहले जान लें ये नियम

हाई ब्लड प्रेशर में भारी वजन उठाना है खतरनाक, वर्कआउट से पहले जान लें ये नियम


Exercises To Avoid With High Blood Pressure: हाई ब्लड प्रेशर यानी हाइपरटेंशन ऐसी बीमारी है, जो अक्सर बिना किसी साफ संकेत के शरीर को नुकसान पहुंचाती रहती है. ज्यादातर लोगों को तब तक पता ही नहीं चलता कि उनका ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ है, जब तक कोई गंभीर समस्या सामने न आ जाए. यही वजह है कि इसे “साइलेंट किलर” कहा जाता है. वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन यानी WHO के अनुसार, दुनियाभर में करीब 1.28 अरब एडल्ट हाइपरटेंशन से पीड़ित हैं और इनमें से लगभग आधे लोगों को अपनी बीमारी की जानकारी तक नहीं है. हर साल करीब 1 करोड़ मौतों के पीछे हाई ब्लड प्रेशर एक बड़ी वजह माना जाता है. 

क्या ब्लड प्रेशर वालों को व्यायाम नहीं करना चाहिए?

अक्सर लोगों को लगता है कि हाई ब्लड प्रेशर होने पर व्यायाम नहीं करना चाहिए, लेकिन एक्सपर्ट इससे सहमत नहीं हैं. डॉ. विनय कुमार पांडे ने TOI को बताया कि रेगुलर फिजिकल एक्सरसाइज ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने और हार्ट को स्वस्थ रखने में मदद करती है. हालांकि कुछ तरह की एक्सरसाइज अचानक ब्लड प्रेशर बढ़ा सकती हैं, जिससे अनियंत्रित हाइपरटेंशन वाले लोगों के लिए खतरा बढ़ जाता है.

क्या अनकंट्रोल बीपी वालों को वजन नहीं उठाना चाहिए?

डॉक्टर का कहना है कि जिन लोगों का ब्लड प्रेशर कंट्रोल नहीं रहता या जिन्हें पहले से दिल की बीमारी है, उन्हें भारी वजन उठाने से बचना चाहिए. खासतौर पर अपनी क्षमता के 75 प्रतिशत से ज्यादा वजन उठाना शरीर पर अचानक दबाव डाल सकता है. डेडलिफ्ट, भारी स्क्वैट्स या बहुत अधिक तीव्रता वाली बेंच प्रेस जैसी एक्सरसाइज कुछ लोगों में चक्कर, सीने में दबाव और दिल से जुड़ी समस्याओं का जोखिम बढ़ा सकती हैं. कई लोग वजन उठाते समय सांस रोक लेते हैं, जिससे ब्लड प्रेशर तेजी से बढ़ सकता है.

इंटेंसिटी इंटरवल ट्रेनिंग करने से क्या होता है खतरा?

इसी तरह हाई इंटेंसिटी इंटरवल ट्रेनिंग यानी HIIT भी हर व्यक्ति के लिए सुरक्षित नहीं मानी जाती. डॉ विनय बताते हैं कि जो लोग फिटनेस की शुरुआत कर रहे हैं, जिनका ब्लड प्रेशर ज्यादा रहता है या जो मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं, उन्हें इस तरह की एक्सरसाइज सावधानी से करनी चाहिए. HIIT में शरीर को कम समय में बहुत ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे ब्लड प्रेशर तेजी से ऊपर-नीचे होता है और दिल पर दबाव बढ़ सकता है. लंबी दूरी की तेज दौड़, स्प्रिंटिंग, क्रॉसफिट और अत्यधिक सहनशक्ति वाली ट्रेनिंग भी जोखिम बढ़ा सकती हैं.

इन चीजों से बचना चाहिए

डॉक्टर के मुताबिक, लगातार जोर लगाकर किए जाने वाले पुश-अप्स या रस्सी कूद जैसी एक्टिविटी भी ब्लड प्रेशर पर असर डाल सकती हैं. खासकर तब, जब सही तकनीक का पालन न किया जाए. प्रतिस्पर्धी खेलों या अत्यधिक दबाव वाली ट्रेनिंग के दौरान भी ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ सकता है. 

इसे भी पढ़ें – Vaginal Health Myths: वेजाइनल वॉश से लेकर डिस्चार्ज तक… पर्सनल हाइजीन को लेकर यहां दूर कर लें सारी कंफ्यूजन

इन चीजों को अपनाना चाहिए

विशेषज्ञों का मानना है कि हाइपरटेंशन के मरीजों के लिए सुरक्षित एक्सरसाइज सबसे बेहतर विकल्प हैं. तेज चाल से चलना, साइकिल चलाना, तैराकी, योग, स्ट्रेचिंग और हल्की एरोबिक एक्सरसाइज शरीर के लिए फायदेमंद मानी जाती हैं. एक्सरसाइज से पहले शरीर को अच्छी तरह वार्मअप करना, पर्याप्त पानी पीना और बहुत गर्म मौसम में भारी वर्कआउट से बचना जरूरी है. अगर किसी को अनियंत्रित हाई ब्लड प्रेशर या दिल की बीमारी है, तो नई फिटनेस रूटीन शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए.

इसे भी पढ़ें –  Fitness Supplements Side Effects : फिटनेस सप्लीमेंट लेते हुए ये गलतियां तो नहीं करते आप, लिवर को हो सकता है नुकसान

Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.

Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )

Calculate The Age Through Age Calculator



Source link