कहीं भीषण गर्मी तो कहीं भयंकर बारिश, देश में मानसून कब देगा दस्तक? जानें मौसम का ताजा हाल

कहीं भीषण गर्मी तो कहीं भयंकर बारिश, देश में मानसून कब देगा दस्तक? जानें मौसम का ताजा हाल


भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने 15 मई 2026 को अपने ताजा बुलेटिन में कहा है कि इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई को केरल में दस्तक दे सकता है, हालांकि इसमें चार दिन आगे-पीछे हो सकते हैं. अंडमान सागर और दक्षिण बंगाल की खाड़ी में अगले 24 घंटों में मानसून के आगे बढ़ने के हालात बन रहे हैं.

मानसून से पहले देश के बड़े हिस्से में गर्मी का कहर जारी है. IMD ने चेतावनी दी है कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में इस पूरे हफ्ते लू से लेकर भीषण लू जैसे हालात रह सकते हैं.

कहां-कहां होगी लू

पश्चिमी राजस्थान में 15 से 21 मई तक लू चलने की आशंका है और 18 से 21 मई के बीच यह भीषण लू में बदल सकती है. उत्तर प्रदेश में 16 से 21 मई तक लू की स्थिति रहेगी जिसमें 18 और 19 मई को हालात और गंभीर हो सकते हैं.

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 17 से 21 मई तक लू चलने का अनुमान है. मध्य प्रदेश और विदर्भ में 15 से 21 मई तक गर्म हवाएं चलती रहेंगी. महाराष्ट्र के अकोला में कल यानी 14 मई को देश का सबसे ज्यादा तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम

राजधानी दिल्ली में शुक्रवार (15 मई) शाम या रात को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है और हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है.

16 मई को आसमान साफ रहेगा और तापमान इसी दायरे में रहेगा. 17 मई को दोपहर बाद बादल छाने और तेज हवाएं चलने की संभावना है, अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री तक जा सकता है. 18 मई को तापमान 42 से 44 डिग्री तक पहुंच सकता है जो सामान्य से करीब 3 से 5 डिग्री ज्यादा होगा.

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट

असम और मेघालय में 15 से 21 मई तक भारी बारिश होती रहेगी. अरुणाचल प्रदेश में 15 से 17 मई तक और फिर 20 व 21 मई को भारी बारिश का अनुमान है. बी पी घाट में बीते 24 घंटों में 27 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई जो देश में सबसे ज्यादा रही.

दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 15 से 17 मई तक, केरल और माहे में 15 से 17 मई तक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 15 से 18 मई तक भारी बारिश का अलर्ट है.

मछुआरों के लिए चेतावनी

IMD ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे 15 से 20 मई के बीच दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर, गल्फ ऑफ मन्नार और केरल तथा कर्नाटक के तटीय इलाकों में समुद्र में न जाएं. इन इलाकों में तेज हवाएं और ऊंची लहरें उठ सकती हैं.

बीते 24 घंटों में क्या हुआ

बीते दिन राजस्थान के फतेहपुर में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं. जयपुर में 72 और बीकानेर में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आई. पंजाब के कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई. राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी चली. IMD ने लोगों को सलाह दी है कि लू के दौरान धूप में निकलने से बचें, पानी पीते रहें और ORS या नींबू पानी, छाछ जैसे घरेलू पेय का इस्तेमाल करें. गरज-चमक के दौरान पेड़ों के नीचे न खड़े हों और बिजली के उपकरण बंद कर दें.

यह भी पढ़ें : कर्नाटक में फिर उठी डीके शिवकुमार को सीएम बनाने की मांग, जन्मदिन पर लगे पोस्टर



Source link