हार्दिक पांड्या कब तक वापसी कर पाएंगे, क्या IPL 2026 के बाकी सभी मैचों से हार्दिक बाहर बैठने वाले हैं? मुंबई इंडियंस के फैंस फिलहाल इसी सवाल के जवाब का इंतजार कर रहे हैं. हार्दिक पिछले तीन मैचों से बाहर बैठे हैं और उनकी गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह ने MI टीम की कप्तानी की है.
अब मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी शार्दुल ठाकुर ने अपडेट देकर बताया है कि हार्दिक अगले मैच में वापसी कर सकते हैं. मुंबई को अपना अगला मैच 20 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ खेलना है, जो ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा. बताते चलें कि MI की टीम पहले ही प्लेऑफ कि दौड़ से बाहर हो चुकी है.
हार्दिक पांड्या की होगी वापसी
गुरुवार को पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में शार्दुल ठाकुर ने बताया, “हार्दिक चोटिल हैं, इसलिए पिछले 3 मैचों में भाग नहीं ले पाए. वे RCB के साथ मैच के लिए रायपुर में मौजूद थे, लेकिन खेल नहीं पाए. वे अभी मुंबई में रहकर अभ्यास कर रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि 20 मई को कोलकाता में टीम से जुड़ेंगे और खेलेंगे.”
मुंबई इंडियंस अब तक पूरे सीजन में 12 मैच खेलकर केवल चार जीत दर्ज कर पाई है. वह प्लेऑफ की रेस से एलिमिनेट हो चुकी है. मुंबई के खराब प्रदर्शन का मुख्य कारण हार्दिक पांड्या की कप्तानी को बताया गया है, इसके लिए उन्हें खूब ट्रोल भी होना पड़ा है. व्यक्तिगत आंकड़ों पर नजर डालें तो हार्दिक ने आईपीएल 2026 में केवल 146 रन बनाए और गेंदबाजी में 4 विकेट लिए हैं.
पंजाब पर भारी पड़ी MI
बीते गुरुवार मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स की टक्कर हुई. पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब की टीम ने 200 रनों का स्कोर खड़ा किया था. मुंबई की टीम बीच में लड़खड़ाई जरूर, लेकिन तिलक वर्मा की 33 गेंद में 75 रनों की ताबड़तोड़ पारी ने मुंबई को जीत दिलाकर ही दम लिया. इस जीत से मुंबई ने पंजाब किंग्स का खेल खराब करने का काम किया है, क्योंकि पंजाब लगातार 5 हार झेल चुकी है.
यह भी पढ़ें:
PBKS vs MI: युजवेंद्र चहल की जादुई गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए रोहित शर्मा, वायरल हुआ रिएक्शन






