भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने एक ऐसा बयान दे दिया, जिसमें यूएस प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप खुद लपेटे में आ गए. सोशल मीडिया पर बयान को लेकर ऐसा हंगामा मचा कि अमेरिकी विदेश विभाग को भी असहजता का सामना करना पड़ा. आनन-फानन में अधिकारियों ने उनकी इस टिप्पणी से जुड़े पोस्ट को सोशल मीडिया से हटा दिया.
विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने नई दिल्ली में भारतीयों के खिलाफ नस्लवादी टिप्पणी को लेकर एक बयान दिया, जिसमें खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी फंस गए. रुबियो से प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमेरिका में भारतीयों के खिलाफ होने वाली नस्लवादी टिप्पणियों के बारे में सवाल पूछा गया था. इसमें ट्रंप के हाल में भारत को ‘नरक का गड्ढा’ बताने वाली एक पोस्ट को बढ़ावा देना भी शामिल था.
उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, ‘दुनिया के हर देश में मूर्ख लोग रहते हैं, जो बेवकूफी भरी बातें कहते हैं.’ रुबियो के ‘बेवकूफी भरी बात’ वाली टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई. दरअसल जिस ‘बेवकूफी भरी बात’ (भारत को नरक का गड्ढा बताना) का जिक्र हो रहा था, उसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ही बढ़ावा दिया था.
यह भी पढ़ें – ईरान से बातचीत के बीच अमेरिका का बड़ा एक्शन, IRGC की नावों और मिसाइल लॉन्च साइट्स पर किया अटैक
अमेरिकी विदेशी विभाग ने रुबियो की टिप्पणी की वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी. हालांकि जब विभाग को अहसास हुआ कि रुबियो के बयान से ट्रंप ही घिर रहे हैं तो अधिकारियों ने बाद में आनन-फानन में इसे हटा दिया.
उधर भारत से संबंधों को लेकर अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रुबियो ने कहा कि दुनिया के किसी भी देश से हमारे संबंध भारत के साथ साझेदारी की कीमत पर नहीं होंगे. रुबियो ने कहा, ‘जहां तक दूसरे देशों के साथ हमारे संबंधों का सवाल है, हम दुनियाभर के देशों के साथ अलग-अलग स्तरों पर सहयोग करते हैं और विभिन्न तरीकों से काम करते हैं. भारत भी यही करता है. जिम्मेदार देश इसी तरह अपने संबंध को आगे बढ़ाते हैं, लेकिन मैं दुनिया के किसी भी देश के साथ हमारे संबंधों को भारत के साथ हमारी रणनीतिक साझेदारी की कीमत पर नहीं देखता, खासकर उन कारणों की वजह से जिनका मैंने पहले भी उल्लेख किया है.’
यह भी पढ़ें – जल्द खुलने वाला है हॉर्मुज! युद्ध विराम बढ़ाने की ओर अमेरिका-ईरान, समझौते के करीब पहुंचे दोनों देश





