Dhirendra Krishna Shastri Birthday 2026: बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 4 जुलाई 2026 को अपना 30वां जन्मदिन मनाने जा रहे हैं.
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से निकलकर देश-विदेश में अपनी कथाओं और धार्मिक आयोजनों के जरिए पहचान बनाने वाले धीरेंद्र शास्त्री आज सनातन धर्म के चर्चित चेहरों में गिने जाते हैं. उनका जन्म 4 जुलाई 1996 को मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के गढ़ा गांव में हुआ था.
इस बार उनका जन्मदिन केवल उत्सव तक सीमित नहीं रहेगा. बागेश्वर धाम की ओर से इसे ‘शिक्षा, दान और ध्यान दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की गई है. धीरेंद्र शास्त्री ने अपने जन्मदिन पर होने वाले खर्च को जरूरतमंद बेटियों की शिक्षा के लिए समर्पित करने की बात भी कही है.
कौन हैं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री?
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर और प्रसिद्ध कथावाचक हैं. उन्होंने कम उम्र में ही रामकथा, श्रीमद्भागवत कथा और हनुमान भक्ति के माध्यम से लाखों लोगों तक अपनी बात पहुंचाई. उनके धार्मिक कार्यक्रमों में देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी श्रद्धालु शामिल होते हैं.
सनातन धर्म के प्रचार में क्या है योगदान?
पिछले कुछ वर्षों में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने प्रवचनों और कथाओं में लगातार सनातन संस्कृति, भारतीय परंपराओं और धार्मिक मूल्यों को अपनाने पर जोर दिया है. वे युवाओं को अपनी संस्कृति, धर्मग्रंथों और भारतीय सभ्यता से जुड़ने की प्रेरणा देते हैं. उनके कार्यक्रमों में श्रीराम, हनुमान भक्ति, गौ सेवा, संस्कार, परिवार और भारतीय संस्कृति जैसे विषय प्रमुखता से शामिल रहते हैं.
इसके अलावा वे भारत और विदेशों में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार का कार्य कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी उनके प्रवचन करोड़ों लोगों तक पहुंचते हैं.
जन्मदिन पर क्या रहेगी खास तैयारी?
इस वर्ष धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने जन्मदिन को सेवा और समाजहित से जोड़ने का निर्णय लिया है. बागेश्वर धाम की ओर से इसे ‘शिक्षा, दान और ध्यान दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा. उन्होंने अपने अनुयायियों से अपील की है कि जन्मदिन पर महंगे उपहार देने के बजाय जरूरतमंद बेटियों की शिक्षा में सहयोग करें. साथ ही ध्यान, सेवा और दान के कार्यों में भाग लें.
माना जा रहा है कि इस अवसर पर बागेश्वर धाम में विशेष पूजा-अर्चना, हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ, भंडारे और धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है.
यह भी पढ़ें- 30 सेकंड का वीडियो और 24 घंटे का स्टेटस: जानिए कैसे अनजाने में बिखर रही है आपके घर की सुख-शांति
क्यों रहते हैं चर्चा में?
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री समय-समय पर अपनी धार्मिक कथाओं, सामाजिक संदेशों, सनातन धर्म से जुड़े बयानों और देशभर में होने वाले दिव्य दरबारों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं. सोशल मीडिया पर भी उनके कार्यक्रमों के वीडियो तेजी से वायरल होते हैं.
यह भी पढे़ं- NEET लीक से लेकर मंदिर घोटाले तक, जुलाई में क्यों सुलगने जा रही है देश की राजनीति?
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.






