अफगानिस्तान में शपगीजा क्रिकेट लीग 2026 खेली जा रही है. शुक्रवार को बैंड-ए-अमीर ड्रैगन्स और मिस ऐनक नाइट्स के बीच मुकाबला खेला गया है. इसी मैच के दौरान एक फैन अचानक सुरक्षा घेरा तोड़कर मैदान में पहुंच गया है. उस समय अफगानिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज रहमनुल्लाह गुरबाज भी मैदान पर मौजूद थे. फैन ने गुरबाज के सिर से कैप उतारी और उसे लेकर मैदान से भाग गया.
मैदान पर पहुंचते ही गुरबाज की कैप लेकर भागा फैन
पहली पारी के दौरान रहमनुल्लाह गुरबाज फील्डिंग कर रहे हैं. तभी एक फैन सुरक्षा घेरा पार करके मैदान में पहुंच गया है. सुरक्षाकर्मी भी उसे पकड़ने के लिए उसके पीछे दौड़ रहे हैं. वह सीधे गुरबाज के पास पहुंचा है. गुरबाज ने उससे हाथ मिलाने की कोशिश की है, लेकिन फैन ने उनके सिर से कैप उतार ली है और तेजी से मैदान से बाहर भाग गया है.
गुरबाज ने जड़ा अर्धशतक, मिस ऐनक नाइट्स ने दर्ज की पहली जीत
मिस ऐनक नाइट्स की कप्तानी रहमनुल्लाह गुरबाज कर रहे हैं. मुकाबले में बैंड-ए-अमीर ड्रैगन्स ने पहले बल्लेबाजी की है. टीम की पूरी पारी आखिरी ओवर में 114 रन पर सिमट गई है. अजीजुल्ला मियाखिल ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए हैं, जबकि फरमनुल्लाह ने 20 रन की पारी खेली है. जिआउर रहमान ने 2.3 ओवर में 12 रन देकर 3 विकेट लिए हैं. वहीं मुजीब उर रहमान ने भी 3 विकेट अपने नाम किए हैं.
यह भी पढ़ें- IND vs ENG: दूसरे T20 में इन 3 खिलाड़ियों पर रहेंगी सभी की निगाहें, एक पर मंडरा रहा है खतरा
115 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मिस ऐनक नाइट्स ने 10वें ओवर में ही मुकाबला जीत लिया है. सलामी बल्लेबाज खालिद तनिवाल ने 22 गेंदों पर 53 रन की शानदार पारी खेली है, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे हैं. कप्तान रहमनुल्लाह गुरबाज ने 30 गेंदों पर 52 रन बनाए हैं. दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 51 गेंदों पर 102 रन की साझेदारी की है.
इस जीत के साथ मिस ऐनक नाइट्स के दो मैचों में 3 अंक हो गए हैं. टीम ने टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की है. उसका पहला मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया है. वहीं बैंड-ए-अमीर ड्रैगन्स को अब तक खेले गए तीनों मुकाबलों में हार मिली है.






