पाकिस्तान के डिप्टी पीएम इशाक डार के रिश्तेदार मुहम्मद रज़ा डार और उसके साथियों के खिलाफ विदेशी महिलाओं से गैंगरेप और फिरौती के लिए अगवा करने के आरोप में FIR दर्ज करने वाले लाहौर के डिफेंस सी थाने के SHO समेत 2 अन्य पुलिस अफसरों को पंजाब IG के आदेश पर सस्पेंड कर दिया गया.
इन अफसरों पर आरोप लगाया गया कि इन्होंने 1 जुलाई को 3 दिन पहले लाहौर के न्यायिक मजिस्ट्रेट के घर में जबरदस्ती घुस कर उन्हें धमकी दी थी और DIG से फोन पर बात करने का दबाव बनाया था. इतना ही नहीं गैंगरेप के आरोपी इशाक डार के करीबी रिश्तेदार पर FIR दर्ज करने वाले SHO को अन्य 2 पुलिस अफसरों के साथ हिरासत में भी ले लिया गया है.
सूत्रों के मुताबिक SHO और अन्य 2 अफसरों को सस्पेंड करने और इन पर कड़ी कार्रवाई करने का आदेश सीधा पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री और नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज के कार्यालय से आया था, जिसके बाद 3 दिन पुराने मामले में इशाक डार के करीबी रिश्तेदार और उसके अन्य साथियों पर FIR दर्ज करने वाले SHO को उसके साथी अधिकारियों के साथ नाप दिया गया.
क्या है दोनों के बीच रिश्ता
बताते चलें कि इशाक डार सिर्फ़ पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री नहीं बल्कि नवाज़ शरीफ के सगे समधी भी हैं और नवाज शरीफ की बेटी आसमा शरीफ की शादी इशाक डार के बेटे अली डार से हुई है जो मुख्यमंत्री मरियम नवाज का विशेष सलाहकार है. सूत्रों के मुताबिक इशाक डार के रिश्तेदार पर FIR दर्ज करने वाले SHO अशरफ और उनके साथियों पर 1 जुलाई की घटना पर जो FIR दर्ज हुई है, उसमें DIG ऑपरेशन के पद पर तैनात फैसल कामरान ने इन्हें न्यायिक मजिस्ट्रेट अजहर महमूद के घर पर भेजा था ताकि DIG ऑपरेशन की न्यायिक मजिस्ट्रेट से बात कराई जा सके और न्यायिक मजिस्ट्रेट पर अगले दिन एक मामले में दबाव बनाया जा सके.
SHO ने लिया था एक्शन
हालांकि इशाक डार के करीबी रिश्तेदार और अन्य साथियों पर FIR दर्ज करने के बाद SHO फरियाद अशरफ को उसके साथियों के साथ नाप दिया गया. लाहौर पुलिस ने नीदरलैंड की स्टेफनी अदनाना मारून और वेनेज़ुएला की एस्ट्रीड रॉबिंसन ब्राचो से गैंगरेप और फिरौती के मामले में इशाक डार के रिश्तेदार मुहम्मद रज़ा डार समेत 4 अन्य लोगो को आरोपी बनाया था, जिसमें एक बॉस नाम का व्यक्ति भी शामिल था.
एक बड़ा आरोपी अभी भी आजाद
शुक्रवार को मुहम्मद रज़ा डार को उसके 3 अन्य साथी सिकंदर अज़ीज़ ख़ान, हसन रज़ा और साजिद अली के साथ गिरफ़्तार करने के बाद लाहौर जिला अदालत में पेश किया गया, जहां इन चार आरोपियों को 5 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया गया. हालांकि “बॉस” नाम का आरोपी अभी भी गिरफ़्तार नहीं हुआ है और ना ही उसकी पहचान सार्वजनिक हुई है. सूत्रों के मुताबिक “बॉस” क्षद्म नाम के गैंगरेप के आरोपी की पहचान जानबूझकर पुलिस सार्वजनिक नहीं कर रही है और ना ही गिरफ़्तार कर रही है क्योंकि ये पाकिस्तान के सियासी हलके में बहुत बड़ा नाम है.
ये भी पढ़ें
विदेशी महिलाओं का अपहरण, फिरौती और गैंगरेप… पाकिस्तान के डिप्टी पीएम इशाक डार का रिश्तेदार गिरफ्तार





