PM Kisan Samman Nidhi: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत केंद्र सरकार किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करती है. इस योजना में पात्र किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये दिए जाते हैं, जो दो-दो हजार रुपये की तीन किस्तों में सीधे उनके बैंक खाते में भेजे जाते हैं. पीएम किसान की 23वीं किस्त 20 जून 2026 को जारी हो चुकी है. सरकार के आधिकारिक पोर्टल के मुताबिक, पात्र किसानों के खाते में 2,000 रुपये की यह किस्त DBT के जरिए भेजी गई है. अब किसानों की नजर अगली यानी 24वीं किस्त पर है. मौजुदा जानकारी के मुताबिक यह किस्त अक्टूबर 2026 के आसपास आने की उम्मीद है. हालांकि, इसकी आधिकारिक तारीख का इंतजार है.
ऐसे चेक करें अपना स्टेटस
अगर आप पीएम किसान के लाभार्थी हैं तो घर बैठे अपनी किस्त और भुगतान की जानकारी चेक कर सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. यहां Know Your Status के विकल्प पर क्लिक करें. इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन नंबर डालें और कैप्चा भरें. रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी को दर्ज करने के बाद आपका स्टेटस स्क्रीन पर दिखाई देगा. इसमें पेमेंट स्टेटस, बैंक का नाम, UTR नंबर और खाते में पैसा जमा होने की तारीख जैसी जानकारी देखी जा सकती है.
पीएम किसान का लाभ लेने के लिए किसानों की e-KYC पूरी होना जरूरी है. आधिकारिक पोर्टल पर भी इसे अनिवार्य बताया गया है. अगर e-KYC पूरी नहीं है तो किस्त मिलने में परेशानी हो सकती है. इसके अलावा किसानों को अपने बैंक खाते, आधार और जमीन से जुड़े रिकार्ड की जानकारी भी सही रखनी चाहिए. अगर किसी जानकारी में गलती है तो समय रहते उसे ठीक करा लेना बेहतर है.
यह भी पढ़ें: Paddy farming spray: चावल के चमकीले दानों के लिए धान में करें ये स्प्रे, फिर देखें जादू
लाभार्थी लिस्ट में ऐसे देखें नाम
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अगली किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि उनका नाम लाभार्थी सूची में शामिल है या नहीं. इसके लिए किसान पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लाभार्थी सूची अनुभाग में अपना राज्य, जिला, तहसील, प्रखंड और गांव चुनकर आसानी से अपना नाम देख सकते हैं. सूची में नाम होने के साथ-साथ किसानों को अपनी भुगतान स्थिति, ई-केवाईसी और जरूरी दस्तावेजों को भी समय रहते अद्यतन कर लेना चाहिए, ताकि किस्त आने में किसी प्रकार की रुकावट या देरी का सामना न करना पड़े. सरकार द्वारा जारी यह ऑनलाइन सुविधा किसानों के लिए योजना से जुड़ी जानकारी हासिल करने का एक सरल और पारदर्शी माध्यम है.
यह भी पढ़ें: 1 क्विंटल गन्ने से कितनी चीनी बनती है, क्या है इसका प्रोसेस?






