क्या घर पर भी उगा सकते हैं चिरौंजी का पेड़, कैसे करते हैं इसकी खेती?

क्या घर पर भी उगा सकते हैं चिरौंजी का पेड़, कैसे करते हैं इसकी खेती?


खीर, हलवा या लड्डू जैसी मिठाइयों का स्वाद बढ़ाना हो, तो चिरौंजी का इस्तेमाल जरूर किया जाता है. स्वाद के साथ-साथ यह सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद मानी जाती है. बाजार में चिरौंजी की कीमत 1,000 रुपये से लेकर 1,500 रुपये किलो तक होती है. महंगी होने के कारण अक्सर लोगों के मन में यह सवाल आता है कि क्या चिरौंजी का पेड़ घर पर या खेत में आसानी से उगाया जा सकता है?

क्या घर पर उगा सकते हैं चिरौंजी का पेड़?

हां, आप घर पर चिरौंजी का पेड़ उगा सकते हैं, लेकिन इसके लिए आपको काफी धैर्य की जरूरत होगी. चिरौंजी का पेड़ इसका वैज्ञानिक नाम Buchanania lanzan है. यह मुख्य रूप से सूखे और गर्म इलाकों में उगता है. इसे घर के बगीचे या बड़े गमले में उगाया जा सकता है, लेकिन यह एक धीमी गति से बढ़ने वाला पेड़ है. इसे बीज या ग्राफ्टिंग दोनों तरीकों से लगाया जा सकता है.

घर पर उगाने के लिए क्या चाहिए

चूंकि यह एक बड़ा पेड़ बनता है, इसलिए इसे गमले या बालकनी में उगाना संभव नहीं है. इसे घर के बड़े आंगन, खुले प्लॉट या खेत की मेड़ पर ही लगाया जा सकता है, जहां पेड़ को फैलने के लिए पर्याप्त जगह मिल सके. पौधे को दिनभर की तेज धूप पसंद होती है, इसलिए ऐसी जगह चुननी चाहिए जहां सीधी धूप लंबे समय तक आती हो. साथ ही आसपास इतनी खुली जगह होनी चाहिए कि जड़ों और शाखाओं को फैलने में दिक्कत न हो.

पौधा कैसे लगाएं

चिरौंजी को आमतौर पर बीज के जरिए उगाया जाता है. इसके बीज दाल के आकार के, चपटे और सख्त छिलके वाले होते हैं, इसलिए इन्हें फल पकने के तुरंत बाद ताजा हालत में ही बोना बेहतर रहता है, क्योंकि ज्यादा दिन रखे बीजों का अंकुरण कमजोर पड़ जाता है. घर पर आसान तरीका यह है कि नजदीकी नर्सरी से पहले से तैयार पौध खरीदकर लगाई जाए, इससे बीज से उगाने के मुकाबले पेड़ जल्दी बड़ा होकर फल देने लगता है.

कैसी मिट्टी और जलवायु चाहिए

चिरौंजी का पेड़ बेहद सख्त होता है और यह पथरीली और यहां तक कि हल्की खारी मिट्टी में भी आसानी से उग जाता है. हालांकि अच्छी बढ़वार और ज्यादा फल के लिए अच्छे जल निकासी वाली दोमट मिट्टी सबसे उपयुक्त मानी जाती है. यह पेड़ पानी भरा रहने वाली जमीन में बिल्कुल नहीं टिक पाता, इसलिए जहां पानी जमा होने का खतरा हो, वहां इसे नहीं लगाना चाहिए. 

यह भी पढ़ें: अपने खेत में करें परिसीमन फल की खेती, होगी तगड़ी कमाई

फल कब मिलना शुरू होता है

चिरौंजी के पेड़ में फूल आमतौर पर फरवरी के महीने में आते हैं, और फल मई तक पककर तैयार हो जाते हैं. हालांकि यह एक धीमी गति से बढ़ने वाला पेड़ है और बीज से लगाए गए पौधे में फल आने में सात से दस साल तक का समय लग सकता है. नर्सरी की तैयार पौध लगाने पर यह समय थोड़ा कम हो सकता है.

यह भी पढ़ें: किसान अपनाएं ये मार्केटिंग स्ट्रैटजी, मंडी के गिरते भावों का नहीं होगा असर



Source link