देश में दोपहिया वाहनों की खरीदारी को लेकर एक दिलचस्प रिपोर्ट सामने आई है. ऑटो सेक्टर पर नजर रखने वाली कंपनी जाटो डायनामिक्स के ताजा आंकड़ों के मुताबिक भारत में बिकने वाले कुल दोपहिया वाहनों में सबसे बड़ी हिस्सेदारी गांवों की है. देश के कुल टू-व्हीलर बाजार में 55 प्रतिशत बिक्री ग्रामीण इलाकों से आ रही है, जबकि शहरी बाजार की हिस्सेदारी 32 प्रतिशत और महानगरों की हिस्सेदारी सिर्फ 13 प्रतिशत है. लेकिन इलेक्ट्रिक व्हीकल यानी EV की बात करें तो गांवों में इसकी डिमांड अभी भी बेहद कम है. आइए जानते हैं पूरी रिपोर्ट में क्या-क्या सामने आया है.
गांवों में अब भी पेट्रोल गाड़ियों का दबदबा
जाटो डायनामिक्स के आंकड़ों के मुताबिक जनवरी से जून 2026 के बीच ग्रामीण इलाकों में खरीदे गए कुल दोपहिया वाहनों में से 94 प्रतिशत गाड़ियां पेट्रोल से चलने वाली रहीं. वहीं इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की हिस्सेदारी सिर्फ 5.9 प्रतिशत ही रही. इसके उलट शहरी बाजारों में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की हिस्सेदारी 10.7 प्रतिशत रही, जबकि महानगरों में यह आंकड़ा 10.9 प्रतिशत दर्ज किया गया. यानी शहरों के मुकाबले गांवों में EV अपनाने की रफ्तार करीब आधी है. इससे साफ पता चलता है कि गांव के लोग अभी भी पुरानी और भरोसेमंद पेट्रोल गाड़ियों पर ज्यादा यकिन करते हैं.
राज्य के हिसाब से बदल जाती है पसंद
रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि ग्रामीण भारत का दोपहिया बाजार एक जैसा नहीं है, बल्कि हर राज्य में लोगों की पसंद अलग-अलग है. राजस्थान के गावों में 100 से 110 सीसी की मोटरसाइकिलों की डिमांड सबसे ज्यादा है, जहां करीब 75 प्रतिशत गाड़ियां इसी कैटेगरी की बिकीं. उत्तरप्रदेश के गांवों में यह हिस्सेदारी 60.4 प्रतिशत और मध्य प्रदेश में 56.1 प्रतिशत रही. वहीं महाराष्ट्र के ग्रामीण इलाकों के आंकड़े काफी अलग है. यहां 100 से 110 सीसी की मोटरसाइकिलों की हिस्सेदारी सिर्फ 34.3 प्रतिशत रही, जबकि 30 प्रतिशत लोगों ने 125 सीसी और 25.1 प्रतिशत लोगों ने 150 से 200 सीसी की भारी मोटरसाइकिलें खरीदना पसंद किया.
स्कूटर बाजार में भी दिलचस्प ट्रेंड
गांव में स्कूटर की डिमांड भी अब बदल रही है. रिपोर्ट के मुताबिक ग्रामीण स्कूटर बाजार लगभग दो बराबर हिस्सों में बंटा हुआ है, जिसमें 49 प्रतिशत हिस्सेदारी 90 से 110 सीसी वालें मॉडलों की है और 49.3 प्रतिशत हिस्सेदारी 125 सीसी वाले मॉडलों की है. कर्नाटक, महाराष्ट्र और तमिलनाडु के गांवों में 125 सीसी के स्कूटर ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं, जबकि उत्तर प्रदेश और गुजरात में 90 से 110 सीसी वाले स्कूटर की मांग ज्यादा है.
यह भी पढ़ें: BRICS के चलते लाखों हुआ लग्जरी गाड़ियों का किराया, इनकी सबसे ज्यादा डिमांड
इलेक्ट्रिक बाजार में किन कंपनियों का दबदबा
रिपोर्ट के मुताबिक ग्रामीण इलेक्ट्रिक व्हीकल बाजार में टीवीएस की हिस्सेदारी 29 प्रतिशत और बजाज की हिस्सेदारी 27 प्रतिशत है. इन दोनों कंपनियों ने मिलकर आधे से ज्यादा यानी 56 प्रतिशत बाजार पर कब्जा जमाया हुआ है. इसके बाद एथर की हिस्सेदारी 14 प्रतिशत, हीरो की 10 प्रतिशत और ओला इलेक्ट्रिक की 9 प्रतिशत रही. यानी गांव के ग्राहक EV खरीदते समय भी उन्हीं कंपनियों पर भरोसा कर रहे हैं, जिन्हें वो पहले से पेट्रोल गाड़ियों के लिए जानते हैं.
यह भी पढ़ें: न DL न RC की जरूरत, बिना चालान के डर के इन स्कूटर को चला सकते हैं आप






