खत्म होगी रूस-यूक्रेन जंग? पुतिन ने बढ़ाए कदम, ट्रंप-जेलेंस्की संग करेंगे बातचीत

खत्म होगी रूस-यूक्रेन जंग? पुतिन ने बढ़ाए कदम, ट्रंप-जेलेंस्की संग करेंगे बातचीत


रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अगले महीने यूक्रेन और अमेरिका के साथ त्रिपक्षीय बातचीत को फिर से शुरू करने पर सहमत हो गए हैं. क्रेमलिन ने बुधवार (21 अक्टूबर, 2026) को जानकारी देते हुए कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध को बातचीत के जरिए समाधान की दिशा में प्रगति सैद्धांतिक रूप से संभव है.

पुतिन की तरफ से यह फैसला सेंट पीटर्सबर्ग में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के साथ हुई मुलाकात के बाद लिया गया है. हालांकि, रूस के सरकारी न्यूज चैनल TASS के मुताबिक, युद्ध को खत्म करने की दिशा में किसी भी तरह की प्रगति के लिए यूक्रेन के नेताओं को जरूरी फैसले लेने होंगे. अधिकारियों ने कहा कि अगर यूक्रेन ये फैसले लेने में नाकाम रहता है, तो देश के लिए स्थिति और ज्यादा खराब हो जाएगी.

यूक्रेन युद्ध खत्म कराने के लिए विटकॉफ की 9वीं रूस यात्रा

डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से यूक्रेन युद्ध खत्म कराने के लिए मध्यस्थता की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद यह विटकॉफ की नौवीं यात्रा थी. सेंट पीटर्सबर्ग में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मुलाकात के दौरान ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने कहा, ‘हम कुछ दस्तावेज लेकर आए हैं. इनमें रूस और यूक्रेन के बीच शांति समझौते से जुड़े कुछ विचार हैं. आप इन्हें अपनी सुविधा के अनुसार पढ़ सकते हैं.’ 

इसे लेकर क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा, ‘मॉस्को यूक्रेन युद्ध से जुड़े उन प्रस्तावों का अध्ययन करेगा, जिन्हें विटकॉफ सेंट पीटर्सबर्ग लेकर आए हैं. हालांकि, बातचीत में काफी वक्त लगेगा.’

पुतिन और विटकॉफ के बीच क्या हुई बातचीत?

TASS के मुताबिक, विटकॉफ ने बैठक की शुरुआत में कहा कि उन्हें रूस, अमेरिका और यूक्रेन के बीच त्रिपक्षीय बातचीत के फिर से शुरू होने पर चर्चा की उम्मीद है. हालांकि, शुरुआत में क्रेमलिन की तरफ से वार्ता में शामिल होने की कोई नया संकेत नहीं दिया गया.

वहीं, बैठक के बाद पुतिन के वरिष्ठ विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव के ने बताया कि पुतिन ने विटकॉफ से कहा है कि मॉस्को नवंबर शुरुआत में अमेरिका और यूक्रेन के साथ त्रिपक्षीय वार्ता को फिर से शुरू करने के लिए आमतौर पर तैयार है. इसके साथ ही, दोनों ने त्रिपक्षीय वार्ता दोबारा शुरू करने को लेकर संभावित ढांचे पर भी विशेष रूप से चर्चा की. 

यह भी पढ़ेंः ट्रंप के दूत से मिले व्लादिमीर पुतिन, अमेरिकी कैदी को रिहा करने के दिए आदेश



Source link