कृषक सम्मान निधि की 2 किस्तें जारी, किसानों के खातों में आए 924 करोड़

कृषक सम्मान निधि की 2 किस्तें जारी, किसानों के खातों में आए 924 करोड़


Mukhyamantri Krishak Samman Nidhi: पश्चिम बंगाल के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है. बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने हुगली जिले से मुख्यमंत्री कृषक सम्मान निधि योजना की पहली और दूसरी किस्त जारी कर दी है. योजना के तहत लगभग 46 लाख किसानों के बैंक खातों में कुल 924 करोड़ रुपये भेजे गए हैं. हर किसान को दोनों किस्तों के मिलाकर एक साथ 2,000 रुपये मिले हैं. 

इसके अलावा आलू की खेती में नुकसान उठाने वाले किसानों के लिए भी सब्सिडी और मुआवजे की राशि जारी की गई है. सरकार ने किसानों के खातों में कुल 1,860 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम ट्रांसफर की है.

46 लाख किसानों को मिला योजना का पैसा

राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री कृषक सम्मान निधि के तहत पहली और दूसरी किस्त का पैसा किसानों के खातों में भेजा है. योजना के अनुसार, हर पात्र किसान को एक किस्त में 1,000 रुपये दिए जाते हैं. इस तरह पहली और दूसरी किस्त मिलाकर किसानों को 2,000 रुपये एक साथ मिले हैं. यह मदद किसान बंधु योजना और पीएम-किसान योजना से जुड़े पात्र लाभार्थियों को दी गई है.

सरकार का कहना है कि किसानों को आर्थिक मदद देने का वादा किया गया था, जिसे पूरा करने की दिशा में यह कदम उठाया गया है. इस राशि से किसान खेती से जुड़े छोटे-मोटे खर्च पूरे कर सकेंगे. हालांकि, यह रकम खेती की पूरी लागत नहीं उठाती, लेकिन खाद, बीज और दूसरी जरूरी चीजों के खर्च में कुछ राहत जरूर दे सकती है.

सालाना 9 हजार रुपये देने का है वादा

मुख्यमंत्री ने कहा कि, पीएम-किसान योजना के तहत केंद्र सरकार किसानों को सालाना 6,000 रुपये देती है. इसके अलावा राज्य सरकार अपनी तरफ से 3,000 रुपये सालाना देगी. इस तरह पात्र किसानों को दोनों योजनाओं को मिलाकर हर साल कुल 9,000 रुपये मिल सकते हैं. राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली रकम 1,000 रुपये की तीन किस्तों में दी जानी है.

यह भी पढ़ें: अब बटाईदार किसानों की भी बनेगी Farmer ID, जानें रजिस्ट्रेशन का तरीका

24 लाख से ज्यादा किसानों की बनी फार्मर आईडी

राज्य में किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से देने के लिए एग्रीस्टैक परियोजना पर भी काम किया जा रहा है. इसके तहत करीब 24.43 लाख किसानों का रजिस्ट्रेशन पूरा हो चुका है और उनकी फार्मर आईडी बनाई गई हैं. इन आईडी को पीएम-किसान और मुख्यमंत्री कृषक सम्मान निधि जैसी योजनाओं से जोड़ने की तैयारी है.

आलू किसानों को भी मिलेगी राहत

राज्य सरकार ने आलू की खेती में नुकसान उठाने वाले किसानों के लिए भी 938 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी की है. पिछली फसल के दौरान आलू के कम दाम या दूसरी वजहों से जिन किसानों को नुकसान हुआ था, उन्हें राहत देने की बात कही गई है. इस राशि में आलू की 2 रुपये प्रति किलो सब्सिडी भी शामिल है. सरकार ने सम्मान निधि के साथ आलू किसानों के लिए सब्सिडी और मुआवजे का पैकेज भी जारी किया है.

यह भी पढ़ें: कर्नाटक में चीनी की MSP को लेकर विवाद, क्या मांग कर रहे किसान?



Source link