देश दुनिया में आज दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है. पड़ोसी मुल्क के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की ओर से दिवाली की शुभकामनाएं दी गई हैं. पाकिस्तान के पीएमओ ऑफिस ने शरीफ के हवाले से एक्स पर पोस्ट कर लिखा दिवाली के इस हर्षोल्लासपूर्ण और शुभ अवसर पर मैं दुनिया भर के हिंदू समुदाय को और विशेष रूप से पाकिस्तान में रहने वाले हिंदू समुदाय को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं.
उन्होंने लिखा कि दिवाली नफरत, असहिष्णुता और निराशा के अंधेरे पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है. रोशनी का यह त्योहार मानवीय संबंधों और सामाजिक जीवन में शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने का एक गहरा संदेश देता है. एक उज्ज्वल, समृद्ध और आशापूर्ण भविष्य में अटूट विश्वास, दीवाली की सबसे महत्वपूर्ण विशेषताओं में से एक है.
पाकिस्तानी हिंदुओं को लेकर क्या कहा
शहबाज शरीफ की ओर से कहा गया कि पाकिस्तान का हिंदू समुदाय हमारे राष्ट्र का एक महत्वपूर्ण और अभिन्न अंग है. हमारे देश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास में उनके अमूल्य योगदान की जितनी भी सराहना की जाए, कम है. हमारे समाज में मौजूद विविध सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराएं एक बहुमूल्य सामाजिक धरोहर हैं. पाकिस्तान को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विविधता पर बहुत गर्व है.
पाकिस्तानी पीएमओ की पोस्ट में कहा गया कि पाकिस्तान का संविधान अल्पसंख्यकों के धार्मिक और नागरिक अधिकारों की सुरक्षा की गारंटी देता है. सरकार सभी नागरिकों के अधिकारों, सम्मान और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, चाहे उनका धर्म, आस्था, रंग या जातीयता कुछ भी हो. धार्मिक सद्भाव, आपसी एकता और सम्मान को बढ़ावा देना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है.
पोस्ट में आगे कहा गया कि हमारा सामूहिक संकल्प एक शांतिपूर्ण, समावेशी और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण करना है. एक ऐसा समाज जो विभिन्न संस्कृतियों और परंपराओं को अपनाता है और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के सिद्धांतों का पालन करता है, वह अपने सभी नागरिकों के लिए समान शैक्षिक और आर्थिक अवसर सुनिश्चित करता है.
भाईचारा मजबूत करने की बात
पोस्ट में कहा गया कि इस विशेष अवसर पर आइए हम विभिन्न धर्मों के बीच सद्भाव को बढ़ावा देने, भाईचारे के बंधन को मजबूत करने और शांति, सहिष्णुता तथा आपसी समझ पर आधारित एक उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर काम करने के अपने सामूहिक संकल्प को दोहराएं. मुझे आशा है कि दिवाली मना रहे सभी पाकिस्तानी हिंदू इस खुशी के मौके की जीवंत और उत्सवपूर्ण परंपराओं का भरपूर आनंद लेंगे और समाज में शांति, सद्भावना, खुशी, समृद्धि और आशा का संदेश फैलाएंगे.
ये भी पढ़ें
‘क्रॉस-बॉर्डर फायरिंग तक युद्ध सीमित नहीं’, राजनाथ सिंह ने सुरक्षा चुनौतियों को लेकर किया आगाह





