एयर स्ट्राइक से दहली यमन की राजधानी सना, 22 की मौत, क्यों बढ़ा तनाव?

एयर स्ट्राइक से दहली यमन की राजधानी सना, 22 की मौत, क्यों बढ़ा तनाव?


यमन की राजधानी सना के पास एक कस्बे में शनिवार (7 नवंबर, 2026) को सऊदी अरब ने हवाई हमले को अंजाम दिया है. इस एयरस्ट्राइक में 22 लोगों के मरने का दावा किया गया है. मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं. देश में जारी सिविल वॉर के बीच मरने वालों की गिनती लगातार बढ़ रही है.

संयुक्त राष्ट्र (UN) के मुताबिक, यमन में दोबारा लड़ाई शुरू होने के बाद से अब तक 1600 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं, जबकि 3 लाख से ज्यादा लोग विस्थापित हुए हैं.

पैरामेडिक्स पर भी हमला करके बनाया गया निशाना

हूती सबा न्यूज एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में कहा, ‘अल-शरिया इलाके में दुश्मन सऊदी अरब के फाइटर जेट्स की तरफ से किए गए हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है. इनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे हैं, जबकि घायलों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है.’ 

वहीं, ईरान समर्थित हूती ग्रुप के अल-मसीरा टीवी ने भी मरने वालों और घायलों की यही संख्या बताई है. सबा न्यूज एजेंसी ने इससे पहले बताया था कि मलबे में दब लोगों को निकालने का ऑपरेशन जारी है. एजेंसी के मुताबिक, ‘विमानों ने दो बार हमला कर पैरामेडिक्स को भी निशाना बनाया.’

सऊदी अरब ने बयान जारी कर क्या कहा?

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के समर्थन में यमन में लड़ रहे सऊदी अरब ने इस रिपोर्ट पर फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है. वहीं, सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने शनिवार (7 नवंबर) को एक बयान में कहा कि उसने रियाद प्रांत की तरफ दागी गई हूती मिसाइल को बीच रास्ते में ही नष्ट कर दिया.

इसके अलावा, शुक्रवार (6 नवंबर) को ताइज प्रांत के एक बाजार पर हुए हमले में 30 लोगों की मौत हो गई थी. हूतियों ने इसके लिए सऊदी एयर स्ट्राइक्स को जिम्मेदार ठहराया, जबकि यमन के सरकारी फोर्सेज ने आरोप लगाया कि ईरान समर्थित हूती ग्रुप ने बाजार पर बैलिस्टिक मिसाइल दागी थी. 

यह भी पढ़ेंः PoK में गृहयुद्ध से हालात: मुजफ्फराबाद में हिंसा, रेंजर्स ने की फायरिंग, छोड़े आंसू गैस के गोले



Source link