दीवाली पर घरों में दीये जलाए जाते हैं और लोग पटाखे चलाकर त्योहार मनाते हैं. लेकिन पटाखों से निकलने वाला धुआं और तेज आवाज कई लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती है. इसका असर सबसे ज्यादा छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों पर पड़ता है. बच्चों के फेफड़े पूरी तरह विकसित नहीं होते, वहीं बुजुर्गों को प्रदूषण के कारण सांस लेने में परेशानी होती है. अस्थमा, सीओपीडी और दिल की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए भी यह समय ज्यादा सावधानी बरतने का होता है. ऐसे में कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर परिवार के लोगों को सुरक्षित रखा जा सकता है.
पटाखों के धुएं से बच्चों और बुजुर्गों को कैसे बचाएं?
दीवाली पर पटाखों का धुआं हवा में फैल जाता है, जिससे आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में परेशानी होती है. इसलिए बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा धुएं वाली जगह पर जाने से बचाएं. जब बाहर पटाखे जल रहे हों और धुआं ज्यादा हो तो घर की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें. घर के अंदर हवा साफ रखने के लिए एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें. अगर किसी जरूरी काम से बाहर जाना पड़े तो अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क पहनें. अस्थमा या सांस के मरीज अपनी इनहेलर और डॉक्टर की बताई दवाएं पास रखें. तबीयत बिगड़ने पर इलाज में देरी न करें.
यह भी पढ़ें : Eye Drops Side Effects: बिना डॉक्टर से पूछे आंखों में डाल लेते हैं कोई भी आईड्रॉप, जा सकती है रोशनी
तेज आवाज वाले पटाखों से भी रखें दूरी
पटाखों से निकलने वाली तेज आवाज बच्चों और बुजुर्गों के लिए परेशानी पैदा करती है. ज्यादा शोर से कानों को नुकसान पहुंचने और सुनने की क्षमता प्रभावित होने का खतरा रहता है. छोटे बच्चों और बुजुर्गों को तेज धमाके वाले पटाखों से दूर रखें. अगर घर में नवजात बच्चा है तो उसे आतिशबाजी वाली जगह से दूर शांत कमरे में रखें. बच्चों को पटाखे जलाने के लिए अकेला न छोड़ें. अगर वे पटाखे चलाना चाहते हैं तो किसी बड़े व्यक्ति की निगरानी में ही ऐसा करने दें. इसके अलावा, पटाखे हमेशा खुले स्थान पर जलाएं और आसपास पानी की बाल्टी या रेत जरूर रखें. पटाखे चलाते समय सूती और शरीर से फिट कपड़े पहनें. ढीले और सिंथेटिक कपड़ों से बचें, क्योंकि इनमें आग जल्दी पकड़ सकती है.
पटाखे जलाते समय चोट लग जाए तो क्या करें?
पटाखे जलाते समय कभी-कभी हाथ या शरीर के दूसरे हिस्सों में जलने की चोट लग सकती है. ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय जले हुए हिस्से को तुरंत करीब 20 मिनट तक सामान्य ठंडे बहते पानी के नीचे रखें. उस जगह पर बर्फ, टूथपेस्ट, तेल या घी न लगाएं. जली हुई त्वचा पर चिपके कपड़े को जबरदस्ती हटाने की कोशिश भी न करें. अगर जलन ज्यादा है, छाले पड़ गए हैं या चेहरा, आंख और हाथ बुरी तरह प्रभावित हुए हैं तो तुरंत अस्पताल जाएं. इसके अलावा, सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द या लगातार खांसी होने पर भी डॉक्टर से संपर्क करें. थोड़ी सी सावधानी से आप अपने परिवार को सुरक्षित रखते हुए दीवाली का त्योहार मना सकते हैं.
यह भी पढ़ें : Diabetes Friendly Sweets: शुगर पेशेंट कैसे मनाएं दिवाली? इन मिठाइयों को करें शामिल
*Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें*
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator






