पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में पाकिस्तानी सेना के खिलाफ सशस्त्र लड़ाई लड़ने वाले संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) की कमान अब पाकिस्तानी सेना के पूर्व अधिकारी कैप्टन रहमान गुल उर्फ उस्ताद मुरीद को दी गई है. 42 वर्षीय कैप्टन रहमान गुल BLA का कमांडर इन चीफ बनने से पहले BLA के आत्मघाती दस्ते “मजीद ब्रिगेड” का डिप्टी कमांडर था.
वो पिछले साल हुए जफर एक्सप्रेस हमले का मुख्य सूत्रधार भी था जिसकी वजह से पाकिस्तान की सरकारी एजेंसी FIA ने कैप्टन रहमान गुल पर 10 लाख का इनाम भी रखा था. बलूचिस्तान के नुस्की जिले के रहने वाले बलूच लिबरेशन आर्मी के नए प्रमुख और पाकिस्तान की सेना के पूर्व अधिकारी कैप्टन रहमान गुल ने 18 साल की उमर में साल 2002 में पाकिस्तान मिलिट्री एकेडमी का एग्जाम पास करके 109 वें PMA लांग कोर्स में काकुल स्थित पाकिस्तान मिलिट्री एकेडमी में दाखिला लिया और सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया.
कौन हैं रहमान गुल
वो बाद में पहले लेफ्टिनेंट और 2007 में कैप्टन के पद पर प्रमोट हुए. पाकिस्तानी सेना में अपनी तैनाती के दौरान कैप्टन रहमान गुल पाकिस्तानी सेना की फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट (Frontier Force Regiment) का हिस्सा था, जो पाकिस्तान के वर्तमान में तीनो सेनाओं के प्रमुख आसिम मुनीर की भी रेजिमेंट है. हालांकि कैप्टन रहमान गुल फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट की 19 वीं बटालियन का अधिकारी था और आसिम मुनीर फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट की 23 वीं बटालियन से ताल्लुक रखने वाला अधिकारी था.
TTP के खिलाफ चलाए अभियान
कैप्टन रहमान गुल ने पाकिस्तानी सेना में तैनाती के दौरान भारत-पाकिस्तान LoC पर कोटली सेक्टर में तैनाती के अलावा, खैबर पख्तूनख्वाह के दक्षिणी और उत्तरी वजीरिस्तान में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के खिलाफ चलाए गए सैन्य अभियानों में भी हिस्सा लिया. हालांकि साल 2010 में कैप्टन रहमान गुल ने पाकिस्तानी सेना छोड़कर बलूच लिबरेशन आर्मी जॉइन कर ली और बलूचिस्तान के बोलान की पहाड़ियों पर पाकिस्तानी सेना के खिलाफ सशस्त्र अभियान शुरू कर दिया.
BLA के नए प्रमुख कैप्टन रहमान गुल का एक भाई सराब खान FIA के मुताबिक अभी भी पाकिस्तानी सेना में काम कर रहा है. जहां एक तरफ कैप्टन रहमान गुल पर पाकिस्तान की FIA ने 10 लाख का इनाम रखा है तो बलूचिस्तान की सरकार ने कैप्टन रहमान गुल पर 25 करोड़ रुपये का इनाम रखा हुआ है. इससे पहले BLA ने 3 नवंबर को ऐलान किया था कि तत्कालीन प्रमुख बशीर जेब को BLA की 2018 से पॉलिसी के तहत हटा दिया गया है, जिसमें स्पष्ट है कि कोई भी व्यक्ति हमेशा के लिये BLA का प्रमुख नहीं रह सकता है.
ये भी पढ़ें
SCO समिट: पाकिस्तान के मंत्री के भारत दौरे पर मनीष तिवारी का रिएक्शन, ‘देखना बाकी है कि…’





