स्पेसएक्स का स्टारशिप अंतरिक्ष यान शनिवार (14 नवंबर 2026) कक्षा में 22 घंटे की यात्रा पूरी करके वापस लौट चुका है. इसे टेक्सास के उसी लॉन्च टॉवर पर विशाल मैकेनिकल आर्म की मदद से पकड़ लिया गया, जहां से एक दिन पहले इसने उड़ान भरी थी. हवा में ही अंतरिक्ष यान को सफलतापूर्वक रिकवर करने का यह पहला मामला है. यह शानदार लैंडिंग एलन मस्क के पूरी तरह से दोबारा इस्तेमाल होने वाले रॉकेट सिस्टम को विकसित करने के प्रयासों में एक बड़ा मील का पत्थर है. हालांकि, स्पेसएक्स अपने रॉकेट के दोनों हिस्सों को वापस सुरक्षित पाने के लक्ष्य को पूरा नहीं कर सका, क्योंकि शुक्रवार को लॉन्च के कुछ ही समय बाद सुपर हैवी बूस्टर में विस्फोट हो गया था.
स्टेनलेस स्टील से बना यह अंतरिक्ष यान बादलों को चीरते हुए स्पेसएक्स की स्टारबेस फैसेलिटी के ऊपर नीचे आया. इसने सीधे खड़े होने के लिए अपने इंजन दोबारा चालू किए और धीरे-धीरे नीचे उतरकर लॉन्च टॉवर की उन मैकेनिकल आर्म के बीच आ गया, जिन्हें मेकाज़िला कहा जाता है. पकड़े जाने के बाद इसके इंजन बंद हो गए और अंतरिक्ष यान जमीन से कुछ ऊपर हवा में ही लटका रह गया.
Mechazilla catches Starship! Congratulations to the entire SpaceX team on this incredible achievement! https://t.co/YJzmGUZb2B
— SpaceX (@SpaceX) November 14, 2026
स्पेसएक्स ने शेयर की वीडियो
स्पेसएक्स ने इस ऐतिहासिक लैंडिंग का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें स्टारशिप को लॉन्च टॉवर की ओर नीचे आते और फिर विशाल मैकेनिकल आर्म की मदद से पकड़े जाते हुए देखा जा सकता है. वीडियो में रॉकेट को इन आर्म के बीच स्थिर होते और इंजन बंद होने के बाद जमीन से ऊपर लटके हुए देखा गया. इस फुटेज को शेयर करते हुए स्पेसएक्स ने लिखा कि मेकाज़िला ने स्टारशिप को पकड़ लिया! इस शानदार उपलब्धि के लिए पूरी स्पेसएक्स टीम को बधाई. स्पेसएक्स के कमेंटेटर डैन ह्यूओट ने उत्साह के साथ कहा, “क्या आप विश्वास कर सकते हैं? इस देखिए ये कमाल है, यह वापस आ गया है!”





