प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस के मनीला में हुई क्वाड (Quad) नेताओं की बैठक में इस ग्रुप को भारत के लिए एक भरोसेमंद साझेदार बताया है. उन्होंने कहा कि क्वाड देशों के बीच की साझेदारी बहुत जरूरी है. बैठक में पीएम मोदी ने कहा, ‘आप सभी से मिलकर मुझे बेहद खुशी हो रही है. मनीला और क्वाड के बीच बहुत पुराना और खास रिश्ता रहा है. साल 2007 में चारों देशों के अधिकारियों की पहली मुलाकात यहीं हुई थी. इसके 10 साल बाद 2017 में, इसी शहर में हमने एक बार फिर से अपना संवाद शुरू किया था.’
पीएम मोदी ने कहा, ‘आज इस ऐतिहासिक शहर में फिर से क्वाड की बैठक का आयोजन एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है. पिछले साल जनवरी से लेकर अब तक हमारे विदेश मंत्री 5 बार मिल चुके हैं. यह हमारी साझेदारी के प्रति हमारी राजनीतिक इच्छाशक्ति और साझा प्रतिबद्धता का प्रमाण है. भारत के लिए क्वाड एक रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी है. समुद्री सुरक्षा से लेकर भरोसेमंद सप्लाई चेन तक, नई तकनीकों से लेकर आपदा राहत तक, हमारा यही कोशिश रही है कि क्वाड दुनिया को भरोसेमंद समाधान प्रदान करे.’
क्वाड बैठक से तय होंगे सहयोग के ठोस लक्ष्य: PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भरोसा जताया है कि क्वाड की यह बैठक आपसी सहयोग के अगले फेज के लिए ठोस लक्ष्य तय करने में मदद करेगी. उन्होंने कहा, ‘मुझे पूरा विश्वास है कि आज की हमारी यह बैठक हमारे सहयोग के अगले चरण के लिए ठोस लक्ष्य निर्धारित करने में सहायक होगी.’
क्वाड समूह का गठन 2007 में किया गया था, लेकिन चीन के नाराज होने की आशंकाओं के बीच अगले ही साल इसकी गतिविधियां लगभग ठप पड़ गई थीं. ट्रंप ने 2017 में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते आर्थिक, कूटनीतिक और सैन्य प्रभाव को लेकर चिंताओं के मद्देनजर इस समूह को फिर सक्रिय किया. हालांकि, उनके उस कार्यकाल में क्वाड नेताओं का कोई शिखर सम्मेलन नहीं हुआ था.
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में नेताओं की यह पहली बैठक
मनीला में हुई यह बैठक अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में ट्रंप के मौजूदा कार्यकाल के दौरान क्वाड नेताओं की पहली बैठक है. ट्रंप के 20 जनवरी, 2025 को दूसरी बार राष्ट्रपति पद संभालने के बाद से क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की पांच बार बैठक हो चुकी है. पिछले महीने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने संकेत दिया था कि क्वाड देशों के नेताओं की बैठक मनीला में आसियान शिखर सम्मेलन से इतर हो सकती है. फिलीपीन 11 सदस्यीय आसियान का वर्तमान अध्यक्ष है और इसी हैसियत से वह शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है.





