तमिलनाडु में गठबंधन टूटने के बाद से द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) और कांग्रेस के बीच मतभेद और दरार लगातार बढ़ती जा रही है. एमके स्टालिन की पार्टी ने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर तीखा निशाना साधा है. डीएमके ने आईटी विंग और अपने ‘मुखपत्र मुरासोली’ के जरिए राहुल गांधी को ‘बड़ा मजाक’ बताते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने विपक्षी एकता को कमजोर किया है. डीएमके के इस बयान से इंडिया गठबंधन की एकजुटता पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
डीएमके के मुखपत्र ने इंडिया ब्लॉक की मीटिंग में पार्टी के शामिल न होने के फैसले और तमिलनाडु में गठबंधन तोड़ने को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा. मुखपत्र ‘मुरासोली’ ने सोमवार (15 जून) को अपने संपादकीय में राहुल गांधी के इंडिया ब्लॉक की मीटिंग के बाद के बयानों को लेकर आरोप लगाया कि उनकी वजह से ही विपक्षी दलों के बीच दरारें बढ़ी हैं. संपादकीय में कहा गया कि राहुल गांधी एकता का उपदेश देते हैं, लेकिन राज्यों में उसकी एकता को किसने कमजोर किया?’
कांग्रेस-राहुल गांधी पर लगाए आरोप
मुखपत्र में आरोप लगाया गया कि राहुल गांधी और कांग्रेस ने कई राज्यों में इंडिया ब्लॉक में शामिल पार्टियों के हितों के खिलाफ काम किया, जबकि वह बीजेपी को चुनौती देने की स्थिति में थीं. वहीं, डीएमके की आईटी विंग ने पोस्ट कर लिखा, ‘जब कांग्रेस अपने राजनीतिक वजूद के लिए संघर्ष कर रही थी, उस समय डीएमके ने उनका साथ दिया, लेकिन जैसे ही उनको एक नया ‘आकर्षक खिलौना’ दिखाई दिया, वह पाला बदलकर उनके साथ भाग गए.’ पोस्ट में राहुल गांधी को ‘एक बड़ा मजाक’ बताया गया.
DMK से तोड़ा गठबंधन
तमिलनाडु में कांग्रेस के डीएमके से गठबंधन तोड़कर टीवीके के साथ सरकार में शामिल होने के बाद यह हमले हुए हैं. कांग्रेस ने 2026 का तमिलनाडु विधानसभा चुनाव डीएमके के साथ मिलकर लड़ा था, उसे 5 सीटों पर जीत मिली थी. डीएमके के सत्ता से बाहर होने और टीवीके के सरकार बनाने के बाद कांग्रेस स्टालिन से अलायंस तोड़कर टीवीके के साथ चली गई थी और डीएमके विपक्ष में अकेले पड़ गई.
तमिलनाडु में कांग्रेस ने डीएमके से तोड़ा गठबंधन, विजय की पार्टी TVK को दिया समर्थन
इंडिया गठबंधन की मीटिंग में डीएमके ने नहीं लिया था हिस्सा
तमिलनाडु को छोड़ दें तो राष्ट्रीय स्तर पर भी दोनों के बीच दूरियां बढ़ी हैं. हाल ही में इंडिया ब्लॉक की मीटिंग से भी डीएमके नदारद रही थी, उसने साफ कहा कि वह कांग्रेस की ओर से की जाने वाली मीटिंग में हिस्सा नहीं लेगी.
INDIA गठबंधन में बढ़ी दरार! लोकसभा में कांग्रेस से अलग बैठेगी डीएमके, संसद तक पहुंची सियासी नाराजगी






