e-Challan भेजकर 6 लाख ठगे, इन्हीं पैसों से बैंकर ने भरे अपने क्रेडिट कार्ड बिल

e-Challan भेजकर 6 लाख ठगे, इन्हीं पैसों से बैंकर ने भरे अपने क्रेडिट कार्ड बिल


मोबाइल पर आने वाला एक छोटा-सा ट्रैफिक चालान का मैसेज आपकी जिंदगी भर की कमाई पर भारी पड़ सकता है. साइबर अपराधी अब सरकारी विभागों के नाम का इस्तेमाल करके लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं.

ऐसा ही एक मामला ओडिशा के राउरकेला से सामने आया है, जहां फर्जी ई-चालान के जरिए एक व्यक्ति के बैंक खाते से करीब 6 लाख रुपये निकाल लिए गए. पुलिस ने इस मामले में मुंबई से एक बैंक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है.

छह UPI ट्रांजैक्शन में निकले करीब 6 लाख रुपये

लिंक खोलने के कुछ ही समय बाद पीड़ित के मोबाइल पर लगातार OTP आने लगे. जब उन्होंने अपना बैंक अकाउंट चेक किया तो पता चला कि बिना अनुमति के छह UPI ट्रांजैक्शन किए जा चुके हैं. इन लेनदेन के जरिए खाते से करीब 5.99 लाख रुपये निकाल लिए गए. घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद राउरकेला पुलिस ने बैंक खातों और पैसों के लेनदेन से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड की जांच शुरू की.

WhatsApp पर भेजा गया था फर्जी चालान

राउरकेला के एक निवासी को 30 मई की रात करीब 10:30 बजे WhatsApp पर ट्रैफिक ई-चालान से जुड़ा मैसेज मिला था. इसमें दावा किया गया कि वाहन पर जुर्माना लगा है और इसे जमा करने के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) में 500 रुपये का भुगतान करना होगा.

मैसेज में एक लिंक भी दिया गया था. पीड़ित ने इसे सरकारी चालान से जुड़ा संदेश समझकर लिंक खोल लिया. इसके बाद उनके मोबाइल में एक APK फाइल डाउनलोड हुई, जिसका इस्तेमाल साइबर ठगों ने धोखाधड़ी के लिए किया.

ऐसे फर्जी मैसेज से कैसे बचें?

किसी भी अनजान WhatsApp लिंक से APK फाइल डाउनलोड न करें. चालान की जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सरकारी पोर्टल का इस्तेमाल करें. मोबाइल पर आए OTP किसी के साथ साझा न करें. खाते से संदिग्ध लेनदेन होने पर तुरंत बैंक और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें.

मुंबई से HDFC बैंक कर्मचारी गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने मुंबई के कालाचौकी इलाके में रहने वाले 35 साल चेतन शरद कुरहाड़े को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, आरोपी HDFC बैंक के इंश्योरेंस डिवीजन में कर्मचारी था.

पुलिस अब इस साइबर ठगी में शामिल उसके चार अन्य साथियों की तलाश कर रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ठगी की रकम किन खातों में भेजी गई और इस गिरोह के तार दूसरे मामलों से जुड़े हैं या नहीं.

यह भी पढ़ें- देश में होगी स्कॉच व्हिस्की की किल्लत! पोर्ट पर अटके 80 से ज्यादा कंटेनर

यह भी देखें- 



Source link