‘अगर BJP को सपोर्ट करो तो देशभक्त, नहीं तो…’, अटैक के बाद अभिषेक बनर्जी की पहली पोस्ट, राहुल

‘अगर BJP को सपोर्ट करो तो देशभक्त, नहीं तो…’, अटैक के बाद अभिषेक बनर्जी की पहली पोस्ट, राहुल


Abhishek Banerjee Thanks Rahul Gandhi: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी पर कथित तौर पर भीड़ द्वारा हमला किया गया है. अभिषेक बनर्जी वहां चुनाव के बाद हुई हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे थे. इस घटना के बाद पूरे राज्य का राजनीतिक माहौल गरमा गया है और टीएमसी तथा भाजपा (BJP) के बीच तीखे आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है. इस हमले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कड़ी निंदा की है, जिस पर अभिषेक बनर्जी ने भी उनका आभार जताते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है.

‘एक सांसद पर हमला पूरी जनता पर हमला’

सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले पर गहरी चिंता जताते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इसे लोकतंत्र पर चोट बताया. उन्होंने कहा, ‘सांसद अभिषेक बनर्जी जी पर सोनारपुर में हुआ हमला बेहद निंदनीय है. एक सांसद पर हमला सिर्फ़ एक व्यक्ति पर हमला नहीं – यह उस जनता पर है जिसने उन्हें चुना, और उस लोकतंत्र पर है जो हम सबकी साझी विरासत है. यह BJP की बदले की राजनीति का घिनौना रूप है. राजनीतिक मतभेद कभी हिंसा का कारण नहीं बन सकते.’

राहुल गांधी ने आगे मांग की कि केंद्र और पश्चिम बंगाल सरकार दोनों दोषियों पर तत्काल कार्रवाई करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी जन-प्रतिनिधि, चाहे वह किसी भी दल का हो, अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित न रहे. उन्होंने अभिषेक बनर्जी के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की.

तानाशाही के आगे घुटने नहीं टेकूंगा-अभिषेक बनर्जी

राहुल गांधी के समर्थन के बाद अभिषेक बनर्जी ने उनका धन्यवाद किया और केंद्र की सत्ताधारी दल पर देश को बांटने का आरोप लगाया. अभिषेक बनर्जी ने कहा, ‘चिंता और निरंतर समर्थन के लिए राहुल जी, आपका धन्यवाद. भारत की आत्मा की रक्षा करने, लोकतांत्रिक संस्थाओं को बचाने और हमारे संविधान में निहित मूल्यों को बनाए रखने की अपनी लड़ाई में हम एकजुट और दृढ़ हैं.”

अभिषेक बनर्जी ने अपने देशप्रेम का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले साल उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर‘ के लिए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के रूप में पांच देशों की यात्रा कर भारत का प्रतिनिधित्व किया था, जहां उन्होंने देश का बचाव किया और आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर खड़े रहे. लेकिन आज, वे खुद को राष्ट्रवाद के रक्षक बताने वालों द्वारा फैलाई गई राजनीतिक हिंसा और राज्य प्रायोजित आतंकवाद के शिकार बने हैं.

‘सवाल पूछो तो बन जाते हैं टारगेट’

अभिषेक बनर्जी ने वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि आज की भाजपा की यही वास्तविकता है. उन्होंने कहा, “अगर आप उनका समर्थन करते हैं, तो आप देशभक्त हैं. यदि आप उनसे सवाल करते हैं, तो आप एक टारगेट बन जाते हैं. यदि आप उनके साथ खड़े हैं, तो आपका उत्सव मनाया जाता है. यदि आप उनके खिलाफ खड़े होते हैं, तो वे आपको चुप कराने की कोशिश करते हैं.”

TMC सांसद ने साफ किया कि वे झुकने वाले नहीं हैं. उन्होंने कहा, “मैं सिद्धांतों को सरेंडर कर के आराम की जिंदगी जीने के बजाय लोकतंत्र की रक्षा करते हुए डराने-धमकाने का सामना करना ज्यादा पसंद करूंगा. सत्ता अस्थायी है, जबकि जनता की इच्छा स्थायी है. मैं केवल जनता के सामने झुकूंगा, सत्ता में बैठे लोगों के सामने कभी नहीं.”

अंत में उन्होंने संकल्प दोहराते हुए कहा कि वे लोकतंत्र को कमजोर करने और देश को बांटने वालों के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे. उन्होंने नारा दिया कि ‘INDIA’ गठबंधन एकजुट है और सब मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि डर, नफरत, हिंसा और धमकी की राजनीति परास्त हो और जनता की आवाज की जीत हो.



Source link