UP Paddy Procurement: धान की फसल खेत से खलिहान तक पहुंचने लगी है और अब किसानों को इंतजार है कि सरकारी क्रय केंद्र पर उनकी उपज कब बिकेगी. अगर आप भी धान बेचकर अपनी मेहनत की कमाई घर लाने की तैयारी कर रहे हैं, तो पहले अपने जिले की खरीद तारीख जान लीजिए. उत्तर प्रदेश में धान की सरकारी खरीद 12 अक्टूबर से शुरू हो रही है. इस बार सामान्य धान का भाव 2,441 रुपये और ग्रेड-ए धान का 2,461 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है.
इस बार प्रदेश में धान खरीद दो चरणों में होगी. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों को पहले मौका मिलेगा. यहां 12 अक्टूबर से 15 फरवरी 2027 तक धान खरीदा जाएगा. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में खरीद 1 नवंबर से शुरू होकर 28 फरवरी 2027 तक चलेगी.
इन जिलों में 12 अक्टूबर से बेच सकेंगे धान
पहले चरण में मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, आगरा, अलीगढ़ और झांसी मंडल में खरीद शुरू होगी. इसके अलावा लखनऊ मंडल के हरदोई, लखीमपुर खीरी और सीतापुर जिले के किसान भी इसी तारीख से सरकारी केंद्रों पर धान बेच सकेंगे.
पूर्वी यूपी के किसानों को करना होगा इंतजार
पूर्वी उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए खरीद 1 नवंबर से शुरू होगी. इसमें चित्रकूट, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, देवीपाटन, बस्ती, आजमगढ़, वाराणसी, मीरजापुर और प्रयागराज मंडल शामिल हैं. लखनऊ मंडल के लखनऊ, रायबरेली और उन्नाव जिले में भी इसी दिन से धान की खरीद होगी.
यह भी पढ़ें: यूपी में इस दिन से शुरू होगी धान की खरीद, ऐसे करें रेजिस्ट्रेशन
इस बार 65 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य
प्रदेश सरकार ने इस सीजन में 65 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा है. पिछले सीजन में करीब 62 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया था. इस बार 8 सरकारी एजेंसियां करीब 4,500 क्रय केंद्रों के जरिए खरीद करेंगी. सरकार का कहना है कि किसानों को धान बेचने के 48 घंटे के भीतर भुगतान उनके बैंक खाते में भेजने की व्यवस्था की जाएगी. खरीद के लिए बोरों की कमी न हो, इसके लिए भी इंतजाम किए जा रहे हैं.
धान बेचने से पहले करा लें रजिस्ट्रेशन
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे तक 13,943 किसान धान बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन करा चुके थे. इस बार किसान रजिस्ट्री यानी फार्मर आईडी के आधार पर खरीद की व्यवस्था भी लागू की जा रही है. इसलिए किसान आधार कार्ड, बैंक खाते और जमीन से जुड़े रिकॉर्ड की जानकारी सही रखें.
किसान धान खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन और जरूरी शर्तों की जानकारी उत्तर प्रदेश खाद्य एवं रसद विभाग की वेबसाइट https://fcs.up.gov.in/ पर देख सकते हैं. ध्यान रहे, अपने जिले की तारीख और क्रय केंद्र की जानकारी स्थानीय विभाग से भी जरूर पक्की कर लें.
यह भी पढ़ें: मक्का, ज्वार-बाजरा का नया MSP तय, इस तारीख तक होगी खरीद






