इन गलतियों की वजह से प्रेशर कुकर में हो जाता है ब्लास्ट, हमेशा ध्यान रखें ये बातें

इन गलतियों की वजह से प्रेशर कुकर में हो जाता है ब्लास्ट, हमेशा ध्यान रखें ये बातें


Pressure Cooker Blast Safety Tips : आज के समय में लगभग हर घर में प्रेशर कुकर का यूज होता है. इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि इसमें खाना बहुत जल्दी बन जाता है. दाल, चावल, सब्जी या मांस सब कुछ कुकर में कम समय और कम मेहनत में तैयार हो जाता है, लेकिन जितना यह उपयोगी है, उतना ही गलत तरीके से यूज करने पर खतरनाक भी हो सकता है. कई बार खबरों में देखा जाता है कि प्रेशर कुकर फटने (ब्लास्ट) की घटनाएं हो जाती हैं, जिससे लोगों को गंभीर चोटें भी लगती हैं और कुछ मामलों में जान का नुकसान भी हो जाता है. अक्सर यह हादसे किसी बड़े कारण से नहीं, बल्कि छोटी-छोटी लापरवाहियों की वजह से होते हैं. अगर सही तरीके से सावधानी रखी जाए, तो इन दुर्घटनाओं से पूरी तरह बचा जा सकता है. तो आइए आज हम आपको बताते हैं कि किन गलतियों की वजह से प्रेशर कुकर में ब्लास्ट हो जाता है. 

किन गलतियों की वजह से प्रेशर कुकर में ब्लास्ट हो जाता है

1. गैसकेट और सेफ्टी वाल्व की अनदेखी – प्रेशर कुकर में रबर की गैसकेट और सेफ्टी वाल्व बहुत जरूरी होते हैं. ये दोनों मिलकर अंदर के दबाव को नियंत्रित करते हैं और अतिरिक्त भाप को बाहर निकालते हैं, लेकिन कई लोग लंबे समय तक इन्हें बदलते नहीं हैं या ध्यान नहीं देते हैं. अगर गैसकेट पुराना या ढीला हो जाए, तो भाप सही से बाहर नहीं निकलती है. वहीं अगर सेफ्टी वाल्व जाम हो जाए, तो अंदर दबाव बढ़ता जाता है. दबाव ज्यादा होने पर कुकर फटने का खतरा हो जाता है. ऐसे में समय-समय पर गैसकेट और वाल्व की जांच करें. खराब होने पर तुरंत नया लगाएं. सस्ते या नकली पार्ट्स का यूज न करें. 

2. कुकर को जरूरत से ज्यादा भर देना – कई लोग जल्दी में या ज्यादा खाना एक साथ बनाने के लिए प्रेशर कुकर को पूरी तरह भर देते हैं, लेकिन यह बहुत खतरनाक हो सकता है. जब खाना पकता है तो वह फूलता है और उसे फैलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती, जिससे भाप निकलने का रास्ता भी बंद हो सकता है. इससे कुकर के अंदर बहुत ज्यादा दबाव बन जाता है, जो आगे चलकर ब्लास्ट का कारण बन सकता है. इस समस्या से बचने के लिए हमेशा कुकर को सिर्फ उसकी क्षमता के लगभग दो-तिहाई तक ही भरना चाहिए और खासकर दाल जैसे झाग बनाने वाले खाद्य पदार्थों को और भी कम मात्रा में पकाना चाहिए, जिससे भाप आसानी से निकलती रहे और दबाव सुरक्षित स्तर पर बना रहे. 

3.  सीटी (Whistle) की सफाई न करना – कुकर की सीटी यानी प्रेशर रिलीज वाल्व बहुत जरूरी हिस्सा है. अगर इसमें गंदगी या खाने के कण फंस जाएं, तो यह ठीक से काम नहीं करती है. इससे भाप बाहर नहीं निकल पाती, कुकर के अंदर प्रेशर बढ़ता जाता है और कुकर फटने का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए हर यूज के बाद सीटी को अच्छी तरह साफ करें और वेंट पाइप में कोई रुकावट न रहने दें. 

यह भी पढ़ें – Evening Snacks Craving: शाम के मनपसंद स्नैक्स हो सकते हैं मोटापा बढ़ने का कारण, ऐसे दूर करें अपनी क्रेविंग

4. कम पानी डालना – कुछ लोग सोचते हैं कि कम पानी डालने से खाना जल्दी बन जाएगा, लेकिन यह सोच गलत और खतरनाक है. इससे खाना जल सकता है, कुकर ज्यादा गर्म हो सकता है, अंदर का तापमान असंतुलित हो जाता है और ब्लास्ट का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में हर खाने के अनुसार पर्याप्त पानी डालें और सूखा पकाने की कोशिश न करें. 

5. बहुत पुराना या खराब कुकर यूज करना – पुराना कुकर भी खतरे का कारण बन सकता है. समय के साथ उसकी बॉडी, ढक्कन और लॉक सिस्टम कमजोर हो जाते हैं. इसकी वजह से ढक्कन सही से लॉक नहीं होता, बॉडी में दरार आ सकती है, दबाव सहने की क्षमता कम हो जाती है और सीटी ठीक से काम नहीं करती है. ऐसे में पुराने और खराब कुकर को बदल दें. अच्छी कंपनी का नया कुकर खरीदें. समय-समय पर जांच करते रहें. 

यह भी पढ़ें – Onion in Pocket Heat Stroke Myth: क्या जेब में प्याज रखने से लू नहीं लगती, जानें कितना असरदार है बुजुर्गों का यह तरीका?



Source link