ईसाई स्कूल में भगवा साड़ी पहनने पर बवाल, CM और शिक्षा मंत्री ने दिए जांच के आदेश

ईसाई स्कूल में भगवा साड़ी पहनने पर बवाल, CM और शिक्षा मंत्री ने दिए जांच के आदेश


कोलकाता के एक प्रतिष्ठित ईसाई मिशनरी स्कूल में भगवा साड़ी पहनने पर एक शिक्षिका से कथित तौर पर पूछताछ किए जाने का मामला सामने आया है. राज्य में इस मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है. बंगाल के शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने इस विषय की जांच करने की बात कही है. 

इस मामले ने तब तूल पकड़ा, जब कुछ दिन पहले बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने एक सभा में इस मुद्दे को उठाया था. उन्होंने एक कार्यक्रम में दावा किया था कि सार्वजनिक स्थानों पर भगवा साड़ी पहनने को लेकर एक स्कूल की शिक्षिका से उसके एक सहकर्मी ने सवाल किए थे. भट्टाचार्य ने आरोप लगाया था कि शिक्षिका से यह भी कथित तौर पर कहा गया था कि स्कूल के अंदर भगवा साड़ी पहनना स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने ईसाई मिशनरी संस्थानों में धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी थी कि भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल विद्यालयों को संचालित नहीं होने दिया जाएगा.

मुख्यमंत्री का सख्त कार्रवाई  का आदेश

मामला बढ़ने पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने पत्रकारों से कहा कि “यदि किसी ईसाई मिशनरी स्कूल में शिक्षिका को भगवा साड़ी पहनने से रोकने के आरोप सही पाए जाते हैं तो राज्य सरकार संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करेगी या संस्थान का अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) रद्द कर देगी.” उन्होंने कहा, मैं इस जानकारी की पुष्टि करूंगा.

शिक्षा मंत्री ने दिए जांच के आदेश

मुख्यमंत्री की टिप्पणी के बाद शिक्षा मंत्री बर्मन ने कहा, ”मैं कल इस मामले को देखूंगा. मैं मुख्यमंत्री के दौरे के सिलसिले में फिलहाल कार्यालय से बाहर हूं.”उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”मुख्यमंत्री ने जैसा कहा है, आरोपों की जांच की जाएगी और मैं इस मामले को देखूंगा.”

बर्मन ने दावा किया कि भाजपा किसी धर्म के खिलाफ नहीं है, लेकिन भारत विरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगी. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य के कुछ हिस्सों, जिनमें कालिम्पोंग, आसनसोल और पूर्व बर्धमान शामिल हैं, में धर्मांतरण की गतिविधियां तेज हुई हैं. हालांकि, उन्होंने कहा कि भाजपा को ईसाइयों के अपने धर्म का पालन करने पर कोई आपत्ति नहीं है.

ईसाई समुदाय का तर्क

पश्चिम बंगाल एसोसिएशन ऑफ क्रिश्चियन स्कूल्स’ के एक प्रतिनिधि ने कहा कि ईसाई मिशनरी संस्थानों में कर्मचारियों के पहनावे पर इस तरह की कोई पाबंदी नहीं है. उन्होंने एक आरोप के आधार पर सभी विद्यालयों के बारे में सामान्य धारणा बनाने के प्रति आगाह किया.



Source link