तिरुवनंतपुरम की एक अतिरिक्त जिला एवं सत्र अदालत ने एक RSS कार्यकर्ता की हत्या के मामले में 11 CPI(M) कार्यकर्ताओं को उम्रकैद की सजा सुनाई है. यह घटना साल 2008 की है. जिसमें आरएसएस स्वयंसेवक रंजीत की हत्या 12 CPI(M) कार्यकर्ताओं ने कर दी थी. इस मामले में कुल 12 आरोपी हैं, जिनमें से एक आरोपी अब तक फरार है.
तिरुवनंतपुरम की अतिरिक्त जिला एवं सत्र अदालत-IV ने मंगलवार (17 नवंबर, 2026) को मन्नंथला में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यकर्ता रंजीत की 2008 में हुई हत्या के मामले में 11 CPI(M) कार्यकर्ताओं को दोषी ठहराया था. न्यायाधीश सुधाकांत आर. ने बुधवार को इन दोषियों को सजा सुनाते हुए उम्रकैद का आदेश दिया है. एक आरोपी अभी भी फरार है और उसे मुकदमे के लिए पेश नहीं किया जा सका. अदालत का फैसला आने के बाद, दोषी ठहराए गए 11 लोगों की जमानत रद्द कर दी गई थी.
2008 में हुई थी हत्या
समाचार पत्र ‘दि हिन्दू’ की खबर के अनुसार, यह हत्या 17 अक्टूबर, 2008 में हुई थी. उस समय मन्नंथला के कोट्टामुक्कल निवासी रंजीत उसी इलाके में स्थित अपनी फलों और सब्जियों की दुकान पर मौजूद थे. अभियोजन पक्ष के अनुसार, CPI(M) कार्यकर्ताओं का एक समूह दो कारों और एक मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और धारदार हथियारों से रंजीत पर हमला कर उनकी हत्या कर दी. जांच का एक अहम पहलू रंजीत की हत्या और उससे कुछ महीने पहले हुए CPI(M) कार्यकर्ता वंचियूर विष्णु की हत्या के बीच कथित संबंध था.
रंजीत भी हत्या का आरोपी
‘डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (DYFI) से जुड़े विष्णु की हत्या 1 अप्रैल, 2008 को तिरुवनंतपुरम के कैथामुक्कू में पासपोर्ट कार्यालय के सामने कर दी गई थी. रंजीत, विष्णु हत्याकांड में तीसरे आरोपी थे. हालांकि, केरल उच्च न्यायालय ने उस मामले के सभी 13 आरोपियों को बरी कर दिया था. जांचकर्ताओं ने पाया कि विष्णु की हत्या के बाद पैदा हुई राजनीतिक दुश्मनी और तनाव ही रंजीत की हत्या की पृष्ठभूमि बनी.
विष्णु के करीबी दोस्त, अंबलमक्कु कृष्णकुमार (उर्फ किचू) को रंजीत हत्याकांड का मुख्य आरोपी माना गया. शुरुआती जांच के बाद इस मामले को अपने हाथ में लेने वाली क्राइम ब्रांच ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए इस हत्या के पीछे की कथित योजना और साजिश की भी पड़ताल की. इसके बाद, वांचियूर हरिप्रसाद (जो उस समय पालकुलंगारा में CPI(M) के स्थानीय सचिव थे) सहित कई लोगों को इस मामले में आरोपी बनाया गया.
18 साल बाद भी एक आरोपी पकड़ा नहीं जा सका
इस मामले का एक अन्य आरोपी, नारायणनकुट्टी उर्फ वेल्ली नारायणन, जो पालकुलंगारा का रहने वाला है, अभी भी फरार है. हत्या के 18 साल बीत जाने के बाद भी उसे पकड़ा नहीं जा सका है और न ही इस मामले में उस पर कोई मुकदमा चला है.
रंजीत की मां की याचिका पर हाई कोर्ट के निर्देश के बाद, वकील प्रताप जी. पडिक्कल को इस मामले में विशेष लोक अभियोजक (स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर) नियुक्त किया गया था. परिवार ने तब अदालत का दरवाजा खटखटाया था, जब तत्कालीन लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) सरकार ने इस मामले में एक वरिष्ठ आपराधिक वकील को विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने की उनकी मांग को ठुकरा दिया था.






