केदारनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब: 3 दिनों में 1.10 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर

केदारनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब: 3 दिनों में 1.10 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

  • प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए बेहतर इंतजाम किए हैं

Kedarnath Dham Yatra 2026: हिमालय की गोद में बसे केदारनाथ धाम में इन दिनों भक्ति का ऐसा सैलाब उमड़ रहा है जैसा शायद ही पहले देखा गया हो. कपाट खुलने के महज तीन दिनों के भीतर करीब 1 लाख 10 हजार श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं. ॐ नमः शिवाय के जयघोष से गूंजता यह धाम एक बार फिर आस्था और अध्यात्म का केंद्र बन गया है.

चारधाम यात्रा की शुरुआत के साथ ही केदारनाथ में श्रद्धालुओं का तांता लग गया है. देश के कोने-कोने से और विदेश से भी भक्त यहां पहुंच रहे हैं. राज्य सरकार ने इस बार यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पहले से कहीं अधिक व्यापक इंतजाम किए हैं.

भैरवनाथ के कपाट भी खुलेव्यवस्थाएं दुरुस्त

केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने बताया कि केदारनाथ जी के कपाट खुलने के बाद अब भगवान भैरवनाथ के कपाट भी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि धाम में इस समय व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त हैं और कोई भी श्रद्धालु दर्शन से वंचित नहीं रह रहा.

मंदिर में भीड़ को सुचारु रखने के लिए टोकन व्यवस्था लागू की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को लंबी कतारों में खड़े रहने की जरूरत नहीं पड़ रही और दर्शन भी जल्दी हो रहे हैं. ठहरने, खाने-पीने और दर्शन तीनों मोर्चों पर प्रशासन की तैयारी पहले से बेहतर बताई जा रही है

सोशल मीडिया की अफवाहों से सावधान रहें केदार सभा

हालांकि इस उत्साह के बीच एक चिंता भी है. केदार सभा के वरिष्ठ सदस्य उमेश चंद्र पोस्ती ने साफ शब्दों में कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर केदारनाथ धाम को लेकर झूठी और भ्रामक खबरें फैला रहे हैं. ऐसी खबरों से श्रद्धालुओं में बेवजह डर और भ्रम पैदा हो रहा है.

उन्होंने देश-विदेश के सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे बिना किसी आशंका के केदारनाथ आएं. मंदिर प्रशासन, जिला प्रशासन और स्थानीय लोग मिलकर दिन-रात व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं.

केदार सभा के सदस्य संजय तिवारी ने भी इन भ्रामक खबरों का खंडन करते हुए कहा कि भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए यहां जो इंतजाम किए गए हैं, वे हर लिहाज से बेहतर हैं. उन्होंने कहा कि कुछ अराजक तत्वों द्वारा धाम की छवि खराब करने की कोशिश करना बेहद निंदनीय है और ऐसी हरकतों पर ध्यान नहीं देना चाहिए.

बाबा के द्वार सबके लिए खुले हैं

केदारनाथ धाम की यात्रा हमेशा से आसान नहीं रही. ऊंचाई, ठंड और कठिन रास्ता लेकिन जो एक बार बाबा केदार के दर्शन कर लेता है, वह इन सब मुश्किलों को भूल जाता है. इस बार प्रशासन की कोशिश है कि यात्रा सुगम हो, सुरक्षित हो और हर श्रद्धालु को दर्शन का लाभ मिले.

Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.



Source link