क्राइस्टचर्च में भारत ने रचा इतिहास, न्यूजीलैंड में सबसे बड़ा रन चेज़; नमन धीर ने पलटी बाजी

क्राइस्टचर्च में भारत ने रचा इतिहास, न्यूजीलैंड में सबसे बड़ा रन चेज़; नमन धीर ने पलटी बाजी


भारतीय क्रिकेट टीम ने जीत के साथ न्यूजीलैंड दौरे की शुरुआत की है. क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल में खेले गए पहले टी20 में टीम इंडिया ने 226 रनों का टारगेट चेज कर इतिहास रच दिया. यह न्यूजीलैंड की धरती पर टी20 इंटरनेशनल में भारत का सबसे बड़ा रन चेज़ है. सात नंबर पर बल्लेबाजी करने आए नमन धीर ने 15 गेंद में नाबाद 42 रनों की तूफानी पारी खेल रोमांचक मैच में भारत को जीत दिलाई. वहीं संजू सैमसन ने 33 गेंद में 67 और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 28 गेंद में 42 रनों की पारी खेली. 

भारत ने पहले टी20 में 4 विकेट से जीत दर्ज की. न्यूजीलैंड ने पहले खेलने के बाद 20 ओवर में 4 विकेट पर 225 रन बनाए थे. जवाब में टीम इंडिया ने अंतिम ओवर में जीत हासिल की. इसके साथ ही भारतीय टीम ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. नमन धीर ने 15 गेंद में 42 रनों की पारी के दौरान 5 चौके और 2 छक्के जड़े. भारत ने दो गेंद शेष रहते 226 रनों के लक्ष्य का पीछा कर लिया.

भारत की तूफानी शुरुआत, फिर लड़खड़ाई टीम इंडिया 

न्यूजीलैंड से मिले 226 रनों के लक्ष्य के जवाब में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने भारत को तूफानी शुरुआत दिलाई. पावरप्ले में ही टीम इंडिया का स्कोर 90 रनों के पार था. अभिषेक शर्मा ने 12 गेंद में 29 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 2 चौके और 3 छक्के निकले. हालांकि, तीन नंबर पर तिलक वर्मा को भेजा गया, जो पूरी तरह से गलत फैसला साबित हुआ. 

तिलक वर्मा 11 गेंद में 6 रन बनाकर आउट हुए. संजू सैमसन भी 33 गेंद में 67 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. पांच नंबर पर आए ईशान किशन का बल्ला भी नहीं चला. वह एक रन ही बना सके. अब मैच पूरी तरह से न्यूजीलैंड की पकड़ में चला गया था. 

अंत में नमन धीर ने पलटी बाजी, टीम इंडिया को दिलाई जीत

इस बार एक और फेरबदल किया गया. अक्षर पटेल को प्रमोट किया गया. उन्होंने निराश नहीं किया. नमन धीर और नितीश कुमार रेड्डी से पहले बैटिंग करने आए अक्षर पटेल ने 14 गेंद में 24 रन बनाए. अंत में नमन धीर ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजी अटैक की धज्जियां उड़ा दीं. कप्तान श्रेयस अय्यर 28 गेंद में 42 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन नमन धीर ने दबाव को हावी नहीं होने दिया. नमन ने 15 गेंद में पांच चौकों और दो छक्कों की बदौलत नाबाद 42 रन बनाए. नितीश रेड्डी दो रनों पर नाबाद लौटे.

इससे पहले न्यूजीलैंड ने ग्लेन फ्लिप्स की नाबाद 80 रनों की पारी की बदौलत 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 225 रन बनाए थे. भारत के सभी गेंदबाजों की खूब पिटाई हुई, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने अच्छे से उसका बदला लिया. 

यह भी पढ़ें- 

पहला टी20 जीतने के लिए टीम इंडिया को रचना होगा इतिहास, सामने सबसे बड़ा रन चेज



Source link