Kitchen Garden Tips: क्या होगा अगर आपको पता चले कि जो सब्जियां आप बाजार से खरीद रहे हैं, उन्हें पकाने या उगाने में केमिकल का प्रयोग किया गया है. यह सच में हैरान करने वाली बात है. ऐसे में अगर आपको बताया जाए कि किचन गार्डनिंग के जरिए आप इस समस्या से आसानी से बच सकते हैं, तो यह आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है. साथ ही, इससे आपके घर की सुंदरता भी बढ़ती है.
अपने हाथों से उगाई गई सब्जियों का स्वाद न सिर्फ बेहतरीन होता है, बल्कि इससे आपके मन को सुकून और खुशी भी मिलती है. ऐसे में यह कहना गलत तो नहीं होगा की किचन गार्डन सिर्फ शौक नहीं बल्कि एक हेल्दी लाइफस्टाइल का हिस्सा बन चुका है.
छोटी जगह में बड़ा फायदा: किचन गार्डन के लाभ
छोटी सी जगह या घर के किसी भी कोनें में आप कई जरूरी चीजें उगा सकते हैं, जो आपकी रोज की रसोई का अहम हिस्सा होती हैं. किचन गार्डन आपको बाजार पर निर्भर होने से भी बचाता है और पैसे की बचत भी करता है. साथ ही इसके लिए आपको किसी बड़े बगीचे या किसी खास व्यवस्था की जरूरत नहीं होती, बल्कि इसके लिए बस कुछ गमले, थोड़ी धूप और थोड़ी नियमित देखभाल काफी होती है. भारत में घर हो या फ्लैट हो, उनमें आप किचन गार्डन आसानी से कर सकते हैं.
यह भी पढ़ेंः अपने घर के किचन गार्डन में ऐसे शुरू करें हल्दी की खेती, मसालों की खत्म हो जाएगी टेंशन
सही मिट्टी और गमलों का चुनाव क्यों है जरूरी
एक अच्छे किचन गार्डन के लिए सही मिट्टी का चुनाव बहुत जरूरी होता है. उसके लिए 40% गार्डन की मिट्टी, 40% कम्पोस्ट और 20% कोकोपीट मिलाकर एक बढ़िया मिश्रण तैयार कर सकते हैं, जिससे पानी का निकास सही बना रहता है. ज्यादातर सब्जियों को रोज कम से कम 4 से 6 घंटे की धूप चाहिए होती है, जबकि हरी पत्तेदार सब्जियां थोड़ी कम धूप में भी अच्छी तरह बढ़ जाती है. वही गमलों का चयन करते समय ध्यान रखें, टेराकोटा के गमले अच्छे होते हैं क्योंकि इनमें मिट्टी को हवा मिलती रहती है, वहीं प्लास्टिक के गमले हल्के होते हैं और नमी को ज्यादा समय तक बनाए रखते हैं, इसलिए आप अपने मौसम और सुविधा के हिसाब से ही इन्हें चुने.
अपनी जरूरत के हिसाब से सब्जियों का चयन करें
किचन गार्डन में आप लगभग सभी सब्जियां उगा सकते हैं, लेकिन जिन सब्जियों को नियमित और अधिक देखभाल की जरूरत होती है, उन्हें उगाना आसान नहीं होगा. ऐसे में बेहतर होगा कि आप अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के हिसाब से सब्जियां उगाएं. आइए जानते हैं कि आप अपनी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए कौन-कौन सी सब्जियां उगा सकते हैं.
- टमाटर: टमाटर घर पर उगाई जाने वाली सबसे लोकप्रिय सब्जियों में से एक है, क्योंकि यह छोटे बालकनी में भी आसानी से उग जाता है. वही टमाटर घर पर उगाना एक अच्छा विकल्प है, क्योंकि यह लगभग हर घर में रोज इस्तेमाल होने वाली सब्जी है.
- हरी सब्जियांः इसमें धनिया, पुदीना, पालक और मेथी शामिल हैं. ये सब्जियां जल्दी उग जाती हैं और हर दिन खाने में इस्तेमाल होती हैं. धनिया और पुदीना चटनी और सजावट के लिए उपयोगी होते हैं, जबकि पालक और मेथी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं. साथ ही इनको उगाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और कम जगह में भी अच्छी तरह उग जाते हैं
- नींबू: नींबू का पौधा फल देने में थोड़ा समय लेता है, लेकिन इसका फायदा बहुत अच्छा होता है, वही यह घर की खास जरूरतों में से एक है, साथ ही जब इसकी जरूरत हो तब ताजा नींबू तोड़कर इस्तेमाल कर सकते हैं.
- मिर्चः मिर्च के बिना हर खाना अधूरा लगता है. ऐसे में इसे घर पर उगाना सबसे बेहतरीन उपाय माना जाता है. ये पौधे थोड़ी देखभाल मांगते हैं, लेकिन सही धूप और पानी मिलने पर अच्छी पैदावार देते हैं.
- प्याज: लगभग हर खाने में प्याज का उपयोग होता है, इसलिए घर पर इसका होना हमेशा काम आता है. वही किचन गार्डन में प्याज उगाना एक बहुत अच्छा विकल्प माना जाता है. साथ ही इसे उगाना आसान भी होता है और इसे ज्यादा खास देखभाल की जरूरत भी नहीं होती. वही यह कम जगह में भी अच्छी तरह उग जाता है.
मसाले और जड़ी-बूटियां: स्वाद और सेहत का संगम
किचन गार्डन में कुछ मसाले और जड़ी बूटी भी उगाई जा सकती हैं, जैसे- तुलसी, अदरक और हल्दी. क्योंकि तुलसी औषधीय गुणों से भरपूर होती है और घर के माहौल को भी शुद्ध बनाती है. अदरक और हल्दी का उपयोग रोज की रसोई में होता है और यह सेहत के लिए भी बहुत फायदा होता हैं. साथ ही इनको उगाकर आप अपने खाने का स्वाद और सेहत दोनों बेहतर बना सकते हैं. इस तरह थोड़ी सी मेहनत से आपका किचन गार्डन आपकी रसोई की हर जरूरत को पूरा कर सकता है.
यह भी पढ़ेंः लू और भीषण गर्मी से ऐसे करें अपने खेतों की देखभाल, किसान जान लें काम की बात






