Homemade Pesticide: किसी भी फसल में कीट और बीमारियां लगना किसानों के लिए आम समस्या है. लेकिन समय पर रोकथाम न हो तो यह नुकसान का बड़ा कारण बन जाती है. बाजार में मिलने वाले रासायनिक कीटनाशक जहां महंगे होते हैं, वहीं उनका असर स्वास्थ्य और मिट्टी की गुणवत्ता पर भी पड़ता है. ऐसे में अब बड़ी संख्या में किसान जैविक खेती की ओर रुख कर रहे हैं और घर पर ही सस्ते में सुरक्षित कीटनाशक तैयार कर रहे हैं. एक्सपर्ट्स भी बताते हैं कि फसलों को कीटो से बचाने के लिए घरेलू चीजों से भी प्रभावी जैविक कीटनाशक बनाए जा सकते हैं. इनमें खर्चा भी कम आता है और इनका कोई दुष्प्रभाव भी नहीं होता है. खास बात यह है कि इनका इस्तेमाल करने से मिट्टी की क्वालिटी भी बनी रहती है. ऐसे में चलिए आज हम आपको बताते हैं कि आप घर पर भी कीटनाशक कैसे बना सकते हैं और इसका आसान तरीका क्या है.
नीम और लहसुन से तैयार करें आसान कीटनाशक
फसलों में लगने वाले कीटों को दूर करने के लिए नीम की पत्ती और लहसुन बहुत कारगर माने जाते हैं. इन्हें पानी में उबालकर छान लें और उस घोल का छिड़काव फसलों पर करे. इसकी तेज गंध के कारण किट दूर भागते हैं. अगर यह तरीका सही न हो तो नीम के तेल का स्प्रे भी किया जा सकता है. नीम की खली को खेत में डालना भी फायदेमंद होता है, क्योंकि यह मिट्टी के अंदर मौजूद कीटों और उनके अंडों को खत्म करने में मदद करती है. 1 एकड़ खेत में लगभग 5 से 10 किलो नीम की खली डालना पर्याप्त माना जाता है. वहीं नीम की पत्तियों और लहसुन का घोल बनाकर छिड़काव किया जा सकता है. यह प्राकृतिक दवा ज्यादा मात्रा में भी नुकसान नहीं करती है, जिससे किसान बेझिझक इसका उपयोग कर सकते हैं.
अग्नि अस्त्र से कीटों को करें कंट्रोल
प्राकृतिक खेती में अग्नि अस्त्र नाम का जैविक कीटनाशक भी बहुत पॉपुलर हो रहा है. इससे घर में उपलब्ध चीजों जैसे नीम के पत्ते, देसी गाय का गोमूत्र, लहसुन, अदरक, मिर्च और तंबाकू पाउडर से तैयार किया जाता है. इन सभी सामग्रियों को मिलाकर उबालने के बाद कुछ दिनों तक रखा जाता है और फिर छान कर उपयोग में लिया जाता है. तैयार गोल में पानी मिलाकर फसलों पर छिड़काव करने से हानिकारक कीटों पर कंट्रोल मिलता है, जबकि फायदेमंद किट इससे सुरक्षित रहते हैं.
ये भी पढ़ें-यूपी में देशी गायों की डेयरी पर मिल रही 50% सब्सिडी, इस योजना में मिल रहा है कमाई का बड़ा मौका
3जी पेस्टिसाइड भी है असरदार
अदरक, लहसुन और हरी मिर्च से बनने वाला 3जी पेस्टिसाइड भी किसानों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. इन तीन चीजों को पीसकर पानी या तेल के साथ मिलाया जाता है और कुछ समय बाद छानकर पौधों पर स्प्रे किया जाता है. यह मिक्सर पौधों को कीटों और फंगस से बचाता है और उत्पादन बढ़ाने में भी मदद करता है. इसका इस्तेमाल सुबह या शाम के समय करना ज्यादा प्रभावी माना जाता है.
गार्डन के लिए घरेलू स्प्रे
वहीं घर के किचन गार्डन या बगीचे के पौधों के लिए भी आसान स्प्रे तैयार किया जा सकता है. वेजिटेबल ऑयल और साबुन का घोल बनाकर पानी में मिलाएं और पौधों पर छिड़काव करें. इसके अलावा नीम तेल का स्प्रे भी सफेद मक्खी, मिलीबग और दूसरे कीटों को खत्म करने में मदद करता है.
ये भी पढ़ें-क्या ईरान युद्ध से बढ़ गई हैं खाद की कीमतें, जानें किसान बाजार का क्या है हाल?






