चावल धोने के बाद फेंक देते हैं पानी? बना सकते हैं किचन गार्डन का पावर बूस्टर

चावल धोने के बाद फेंक देते हैं पानी? बना सकते हैं किचन गार्डन का पावर बूस्टर


Kitchen Garden Tips : अक्सर घरों में चावल धोने या पकाने के बाद बचा पानी बिना सोचे-समझे फेंक दिया जाता है. लेकिन यही नॉर्मल सा दिखने वाला चावल का पानी आपके किचन गार्डन और घर के पौधों के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है. इसमें मौजूद प्राकृतिक पोषक तत्व पौधों की ग्रोथ को बेहतर बनाने के साथ-साथ मिट्टी की क्वालिटी बढ़ाने में भी मदद करते हैं. खासकर अगर आपके घर में प्लांट की बढ़त रुक गई है या पौधे कमजोर दिखाई दे रहे हैं, तो यह आसान घरेलू उपाय आपके काम आ सकता है. तो आइए जानते हैं कि चावल के पानी को किचन गार्डन का पावर बूस्टर कैसे बना सकते हैं. 

पौधों के लिए क्यों फायदेमंद है चावल का पानी?

चावल के पानी में कार्बोहाइड्रेट, विटामिन बी, आयरन, जिंक और मैग्नीशियम जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं. ये तत्व पौधों को जरूरी पोषण देने के साथ-साथ मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने में भी मदद करते हैं. यही वजह है कि इसे पौधों के लिए एक प्राकृतिक लिक्विड फर्टिलाइजर माना जाता है.

चावल के पानी को किचन गार्डन का पावर बूस्टर कैसे बना सकते हैं?

अगर प्लांट की बढ़त धीमी हो गई है, तो चावल का पानी एक आसान घरेलू उपाय हो सकता है. इसके लिए चावल धोते समय निकलने वाले पहले पानी को एक बर्तन में इकट्ठा कर लें. इस पानी को करीब 7 दिनों तक सुरक्षित रखें. जिससे इसमें अच्छी तरह फर्मेंटेशन हो सके और पोषक तत्व पूरी तरह घुल जाएं. इसके बाद इस फर्मेंटेड पानी में 5 गुना साफ पानी मिलाकर इसे पतला कर लें. अब यह एक प्राकृतिक लिक्विड फर्टिलाइजर बन जाएगा.

पौधों में कैसे डालें?

चावल के पानी से बने पावर बूस्टर को सीधे पौधों की मिट्टी में डाल सकते हैं. चाहें तो इसे स्प्रे बोतल में भरकर पत्तियों पर भी छिड़क सकते हैं. इससे पौधों को पोषण मिलने के साथ-साथ कीड़ों की समस्या कम करने में भी मदद मिल सकती है.

रसोई का कचरा भी बन सकता है पौधों के लिए खाद

रसोई से निकलने वाला जैविक कचरा भी गार्डनिंग में काफी यूजफुल होता है. सब्जियों और फलों के छिलके, इस्तेमाल की हुई चायपत्ती और अंडों के छिलकों जैसी चीजों का इस्तेमाल करके घर पर ही ऑर्गेनिक खाद तैयार की जा सकती है. इसी तरीके को जीरो-वेस्ट गार्डनिंग कहा जाता है, जो पर्यावरण और पौधों दोनों के लिए फायदेमंद माना जाता है.

यह भी पढ़ें – ट्रैक्टर पर 2.45 लाख सब्सिडी, ऐसे करें आवेदन

घर पर ऐसे बनाएं ऑर्गेनिक कंपोस्ट

कंपोस्ट बनाने के लिए किसी बाल्टी या गमले में सबसे नीचे सूखी पत्तियां या थोड़ी मिट्टी डालें. इसके ऊपर रसोई से निकला जैविक कचरा रखें. इसी प्रक्रिया को बार-बार दोहराते रहें. कुछ हफ्तों बाद यही कचरा सड़ कर प्राकृतिक खाद में बदल जाएगा, जिसे पौधों में इस्तेमाल किया जा सकता है.

बायो-एंजाइम और लिक्विड फर्टिलाइजर भी बना सकते हैं

नींबू, संतरा और मौसमी जैसे खट्टे फलों के छिलकों को पानी और थोड़ा गुड़ मिलाकर प्लास्टिक की बोतल में करीब 3 महीने तक बंद रखें. इसके बाद तैयार लिक्विड को पानी में मिलाकर पौधों पर स्प्रे किया जा सकता है. इससे पौधों को पोषण मिलने के साथ कीड़ों की समस्या कम करने में मदद मिल सकती है. इसके अलावा चावल और दाल धोने के बाद बचा पानी भी पौधों में इस्तेमाल किया जा सकता है. इसमें स्टार्च और कई मिनरल्स मौजूद होते हैं.

यह भी पढ़ें – इस महीने करें इन फसलों की खेती, कमाएंगे बंपर मुनाफा



Source link