फ्रांस में हिंसक विरोध प्रदर्शन हो रहा है. महंगाई को लेकर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन आगजनी और लूटपाट में बदल चुका है जिससे लोगों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. फ्रांस के इस हाल पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कमेंट किया था. उन्होंने कहा था कि ”पेरिस बहुत जल्द एक मुस्लिम शहर बन जाएगा.” जिसे सुनने के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों भड़क गए हैं. उन्होंने कहा है कि तनावपूर्ण सामाजिक माहौल का राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं.
मैक्रों ने बुधवार को अटलांटिक के दूसरी तरफ के विदेशी नेताओं पर निशाना साधा गै. उन्होंने कहा, फ्रांस के अन्य शहरों में हुई लूटपाट के बाद सूचनाओं के साथ विदेशी स्तर पर छेड़छाड़” की गई है.
ट्रंप पर भड़के मैक्रों
मैक्रों ने कहा, पिछले वीकेंड पेरिस और फ्रांस के अन्य शहरों में हुई लूटपाट के बाद सूचनाओं के साथ विदेशी स्तर पर छेड़छाड़ की गई है. उन्होंने कहा, इस वजह से कई लोगों जिनमें विदेशी नेता भी शामिल हैं की ओर से ऐसी टिप्पणियां आई हैं, जो न केवल मूर्खतापूर्ण हैं, बल्कि पूरी तरह से अस्वीकार्य भी हैं. जब एक पत्रकार ने मैक्रों से पूछा कि क्या उनका इशारा ट्रम्प की ओर है, तो उन्होंने जवाब दिया, अन्य लोगों के साथ-साथ (उनका भी). उन्होंने फ्रांस पर प्रवासियों और इस्लामवादियों के हमले को लेकर ट्रम्प के दावे को खारिज कर दिया और इसे पूरी तरह से झूठा बताया.
एआई से फोटो बनाई जा रही हैं
मैक्रों ने आगे कहा, AI से बनी ऐसी तस्वीरें दिखाई जा रही हैं, जिनमें ऐसे सीन हैं जो असल में फ्रांस में कभी हुए ही नहीं. कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि फ्रांस पर प्रवासियों और इस्लामवादियों की भीड़ ने हमला कर दिया है, जो कि पूरी तरह से गलत है.”
इस बीच, फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट ने कहा कि उनका कार्यालय संबंधित देशों को जरूरी स्पष्टीकरण दे सकता है, ताकि उन्हें सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाने या उसे बढ़ावा देने और बेबुनियाद दावे करने से रोका जा सके.
बता दें ट्रंप ने अमेरिका के कंसास में एक रैली के दौरान, फ्रांस को लेकर तीखी आलोचना की. उन्होंने यहां तक कह दिया था कि पेरिस बहुत जल्द एक मुस्लिम शहर बन जाएगा. उन्होंने कहा था कि कि फ्रांस पर प्रवासियों, जिहादियों और कम्युनिस्टों का कब्जा हो रहा है. वहां लूटपाट हो रही है और सब कुछ जलाया जा रहा है. हम अपने देश में ऐसा नहीं होने देंगे.
ये भी पढ़ें: सौरव दास-आशुतोष रांका को किसने तिहाड़ से बाहर निकाला? ये रही वकीलों की लिस्ट





