आजकल के ज्यादातर स्मार्टफोन्स वाटर रेजिस्टेंट तो होते हैं. लेकिन उनके स्पीकर की बारीक जाली में पानी की बूंदें फंस ही जाती हैं. जब आप कोई गाना या कॉल लगाते हैं. तो पानी की वजह से स्पीकर का पर्दा ठीक से वाइब्रेट नहीं कर पाता और आवाज अजीब सी घुरघुराहट के साथ आती है. अगर इसे समय रहते साफ न किया जाए तो अंदर की नमी स्पीकर के हार्डवेयर को हमेशा के लिए खराब कर सकती है.

पानी घुसते ही सबसे पहला काम यह करें कि फोन को तुरंत किसी सूखे और मुलायम कपड़े से पोंछ लें. इसके बाद फोन को इस तरह पकड़ें कि उसका स्पीकर वाला हिस्सा नीचे की तरफ रहे. इससे गुरुत्वाकर्षण यानी ग्रैविटी की वजह से ऊपर अटका हुआ मोटा पानी अपने आप नीचे गिर जाएगा. ध्यान रखें कि इस दौरान फोन को जोर-जोर से झटकने की गलती बिल्कुल न करें.

अब आती है सबसे काम की ट्रिक जो है साउंड वेव्स यानी आवाज की तरंगों का कमाल. आप अपने फोन के ब्राउजर में जाकर Fix My Speakers जैसी वेबसाइट कोई खोलें या यूट्यूब पर Water Eject Sound सर्च करें. जब आप इस खास फ्रीक्वेंसी वाली आवाज को फुल वॉल्यूम पर प्ले करेंगे तो स्पीकर में एक तेज कंपन पैदा होगा जो अंदर फंसी पानी की छोटी-छोटी बूंदों को धक्का देकर बाहर फेंक देगा.

जब आप यह हाई-फ्रीक्वेंसी साउंड चलाएं तो फोन को टेबल पर स्क्रीन के बल उल्टा रख दें. आप खुद देखेंगे कि कुछ ही सेकंड्स में स्पीकर के बारीक छेदों से पानी की छोटी बूंदें बाहर निकलने लगी हैं. इस ऑडियो को लगातार दो से तीन बार प्ले करें और बीच-बीच में टिश्यू पेपर से स्पीकर को हल्के हाथ से साफ करते रहें. एप्पल वॉच में भी पानी निकालने के लिए यही तकनीक इस्तेमाल होती है.

अगर हमारे फोन में पानी चला जाए तो घर के बड़े-बुजुर्ग तुरंत उसे कच्चे चावल के डिब्बे में दबाने की सलाह देते हैं. लेकिन यह तरीका आपके फोन का कबाड़ा कर सकता है. चावल के बारीक कण और उसकी धूल स्पीकर की जाली और चार्जिंग पोर्ट के अंदर फंस जाती है जो गीली होकर फूल जाती है. इससे पानी तो नहीं निकलता उल्टा स्पीकर पूरी तरह ब्लॉक हो जाता है.

चावल के अलावा लोग फोन सुखाने के लिए हेयर ड्रायर का भी खूब इस्तेमाल करते हैं जो एक और बड़ी गलती है. हेयर ड्रायर की गर्म हवा पानी को सुखाने के बजाय फोन के अंदर लगे नाजुक ग्लू को पिघला देती है, जिससे फोन की वाटरप्रूफिंग खत्म हो जाती है. साथ ही स्पीकर के छेद में पिन, टूथपिक या माचिस की तीली डालने से बचें क्योंकि इससे अंदर का पतला पर्दा फट सकता है.

साउंड ट्रिक अपनाने के बाद फोन को किसी खुली और हवादार जगह पर दो-तीन घंटे के लिए छोड़ दें. अगर आपके घर में नए जूतों या बैग्स के साथ आने वाले सिलिका जेल के छोटे पैकेट रखे हैं. तो फोन को एक एयरटाइट डिब्बे में उन पैकेट्स के साथ बंद कर दें. सिलिका जेल चावल के मुकाबले दस गुना तेजी से नमी सोखता है और इससे फोन में धूल जाने का खतरा भी नहीं रहता.

इन तमाम तरीकों को अपनाने के बाद जब स्पीकर की आवाज पहले की तरह एकदम साफ आने लगे तभी फोन का इस्तेमाल शुरू करें. एक बेहद जरूरी बात यह भी है कि जब तक फोन के नीचे का हिस्सा पूरी तरह सूख न जाए, तब तक उसमें चार्जर बिल्कुल न लगाएं. गीले पोर्ट में चार्जिंग केबल लगाने से शॉर्ट सर्किट हो सकता है जो आपके पूरे मदरबोर्ड को जलाने के लिए काफी है.
Published at : 05 Nov 2026 06:30 PM (IST)






