- बैटरी 13 घंटे तक, कीमत ₹13,000 से उपलब्ध.
Insta360 ने ग्लोबल मार्केट में अपना नया वायरलेस माइक्रोफोन लॉन्च किया है. इस डिवाइस की खास बात यह है कि इसमें आवाज रिकॉर्ड करने से जुड़ी सुविधाओं के साथ एक छोटी E-Ink स्क्रीन भी दी गई है, जिसे क्रिएटर्स अपनी पसंद की फोटो से कस्टमाइज कर सकते हैं. कंपनी ने इसे अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से तीन कॉन्फिगरेशन में पेश किया है. तो आइए जानते हैं कि इस माइक्रोफोन के फीचर्स, कनेक्टिविटी और कीमत क्या है.
माइक्रोफोन की स्क्रीन पर लगा सकेंगे अपनी पसंद की फोटो
Insta360 Mic में कस्टमाइज होने वाली E-Ink डिस्प्ले दी गई है. इस पर कंटेंट क्रिएटर्स अपनी पसंद की फोटो अपलोड करके दिखा सकते हैं. इससे माइक्रोफोन को अपनी पसंद के मुताबिक बनाया जा सकता है. इसके अलावा ट्रांसमीटर में microSD कार्ड लगाने की सुविधा भी है, जिससे ऑडियो रिकॉर्डिंग के लिए अतिरिक्त स्टोरेज का इस्तेमाल किया जा सकता है.
Insta360 Mic के खास फीचर्स क्या हैं?
इस माइक्रोफोन में 32-bit float ऑडियो रिकॉर्डिंग का सपोर्ट मिलता है. microSD कार्ड लगाने पर ट्रांसमीटर ऑडियो की एक अतिरिक्त कॉपी रिकॉर्ड कर सकता है, जो कैमरे या फोन में रिकॉर्ड होने वाली आवाज के बैकअप के तौर पर काम आती है. डिवाइस में एक अलग AI ऑडियो प्रोसेसिंग चिप भी दी गई है. कंपनी के मुताबिक, यह आसपास के शोर को कम करने में मदद करती है और आवाज में होने वाली अनचाही गड़बड़ियों को सीमित रखने के लिए डिजाइन की गई है.
Insta360 कैमरों से सीधे होगा कनेक्ट
इस माइक्रोफोन में Insta360 Direct Connect फीचर दिया गया है. इसके जरिए ट्रांसमीटर को बिना रिसीवर के ब्लूटूथ से कुछ कैमरों के साथ जोड़ा जा सकता है. इनमें X6, X5, Luna Ultra, Luna Pro, GO Ultra और Ace Pro 2 शामिल हैं. वहीं दूसरे डिवाइस के साथ इस्तेमाल करने के लिए इसमें रिसीवर दिया गया है. यह USB-C स्मार्टफोन अडैप्टर या 3.5mm केबल के जरिए स्मार्टफोन, DSLR और मिररलेस कैमरों से कनेक्ट हो सकता है.
यह भी पढ़ें – स्क्रीन से लेकर AI प्रोसेसिंग तक, Lenovo के नए Yoga लैपटॉप में क्या खास?
आवाज को कंट्रोल करने के लिए मिलेंगे अलग मोड
Insta360 Mic में ऑडियो को मैनेज करने के लिए दो ऑटोमैटिक गेन कंट्रोल मोड दिए गए है. इसके अलावा यूजर्स Regular, Rich और Bright वॉइस टोन प्रीसेट में से भी चुनाव कर सकते हैं. Insta360 Mic के दो ट्रांसमीटर एक साथ चार रिसीवर तक सिंक्रोनाइज्ड ऑडियो भेज सकते हैं. इसमें पुराने जनरेशन के Mic Pro ट्रांसमीटर के साथ इस्तेमाल करने की सुविधा भी दी गई है.
Insta360 की बैटरी और कीमत
Insta360 Mic का हर ट्रांसमीटर एक बार चार्ज करने पर 13 घंटे तक काम कर सकता है. वहीं चार्जिंग केस के साथ इसकी बैटरी लाइफ बढ़कर 34 घंटे तक हो जाती है. कीमत की बात करें तो दो ट्रांसमीटर और एक रिसीवर वाले सेट की कीमत करीब 23,000 रुपये रखी गई है. वहीं, एक ट्रांसमीटर और एक रिसीवर वाला सेट करीब 13,000 रुपये में मिलता है. यह माइक्रोफोन दुनियाभर में Insta360 के आधिकारिक ऑनलाइन स्टोर, Amazon और कंपनी के अधिकृत रिटेलर्स के पास उपलब्ध है.
यह भी पढ़ें – Intel Core Ultra Series 3 वाला Acer लैपटॉप भारत आया, जानें फीचर्स






