विजयादशमी पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का संदेश, ‘अधर्म पर धर्म की होती है जीत’

विजयादशमी पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का संदेश, ‘अधर्म पर धर्म की होती है जीत’


दिल्ली में मंगलवार (20 अक्टूबर, 2026) को दशहरे के मौके पर लव-कुश रामलीला कमेटी की ओर से लाल किला मैदान में रामलीला का मंचन किया गया और रावण दहन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने देशवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं दीं और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया.

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा, ‘दशहरा अधर्म पर धर्म की जीत का त्योहार है. यह पर्व संदेश देता है कि बुराई कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, अंत में जीत सच्चाई की ही होती है. हमारे राष्ट्रीय आदर्श वाक्य में भी ‘सत्यमेव जयते’ शामिल है.’

उन्होंने कहा, ‘प्रभु श्रीराम के जीवन के मूल्य आज भी प्रासंगिक हैं और अगर हम उनके दिखाए मार्ग का अनुसरण करें, तो समाज को बेहतर बनाया जा सकता है.’ रावण दहन का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि हमें अपने भीतर के अहंकार को समाप्त करना चाहिए.

युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील

उपराष्ट्रपति ने युवाओं में नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता जताई और उनसे नशे से दूर रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि जिस तरह हर साल रावण का दहन किया जाता है, उसी तरह सभी को संकल्प लेना चाहिए कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रयास किए जाएंगे. 

कार्यक्रम के दौरान उपराष्ट्रपति ने कहा कि स्थानीय सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने उन्हें जानकारी दी है कि चांदनी चौक में करीब 400 साल से रामलीला की परंपरा चली आ रही है. उन्होंने इस सांस्कृतिक परंपरा के महत्व का भी उल्लेख किया.

रावण के किरदार से ट्रैफिक की समस्या पर संदेश

लव-कुश रामलीला में रावण के किरदार के जरिए भी सामाजिक संदेश दिया गया. रावण का किरदार निभाने वाले अभिनेता ने संदेश दिया कि लोग हर साल उसके पुतले का दहन करते हैं, लेकिन केवल प्रतीकात्मक रावण को जलाने से बुराई खत्म नहीं होगी. लोगों को अपने भीतर के रावण को मारना होगा, तभी बुराई का अंत होगा.

इसके अलावा, उन्होंने दिल्ली में ट्रैफिक की समस्या पर भी कटाक्ष किया गया. रावण के किरदार के जरिए कहा गया कि दिल्ली में ट्रैफिक बहुत ज्यादा है और इसका समाधान लोगों को ही निकालना होगा. संवाद में व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा गया, ‘मैं जा रहा हूं, मुझे तो मोक्ष की प्राप्ति हो चुकी है.’  

लव-कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष ने दिल्ली सरकार की तारीफ की

लव-कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने दिल्ली सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि पहले रामलीला के आयोजन के लिए आयोजकों को 14 तरह की परमिशन लेनी पड़ती थी, लेकिन अब दिल्ली सरकार ने रामलीला कमेटियों को परमिशन के झंझट से मुक्त कर दिया है.

उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से सभी रामलीला समितियों को बिजली के बिल समेत अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं. कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के अलावा दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और चांदनी चौक विधानसभा के सांसद प्रवीण खंडेलवाल भी मौजूद थे. 

यह भी पढ़ेंः ‘हमें देश के दुश्मनों से लड़ना होगा’, PM मोदी ने इन 3 ताकतों को बताया देश के खिलाफ



Source link