- पीएम किसान योजना छोटे किसानों को सालाना 6000 रुपये देती है.
- अगले साल से राशि बढ़कर 10,000 रुपये होने की चर्चाएं.
- सरकारी समिति सदस्य ने राशि बढ़ाने पर विचार का संकेत दिया.
देश की आबादी का एक अच्छा खासा हिस्सा आज भी खेती और किसानी के जरिए अपना जीवन यापन करता है. इनमें से बहुत से किसान छोटे स्तर पर खेती करते हैं. जो कि ज्यादा कमाई नहीं कर पाते हैं. ऐसे किसानों की संख्या करोड़ों में है. इन किसानों के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं चलाई जाती है. जिनमें पीएम किसान सम्मान निधि योजना हमेशा से एक बड़ा सहारा रही है.
केंद्र सरकार की यह योजना छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक मदद देती है. जिससे बुवाई और खाद-बीज के वक्त उन्हें किसी के आगे हाथ न फैलाना पड़े. इस योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है. जो 2-2 हजार रुपये की तीन किस्तों में सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर होती है. लेकिन अब देश के किसानों के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आ रही है.
लंबे समय से यह मांग उठ रही थी कि बढ़ती महंगाई और खेती की लागत को देखते हुए इस सम्मान राशि में बढ़ोतरी की जाए. अब केंद्र सरकार की अहम कमेटी के एक जिम्मेदार सदस्य ने संकेत दिया है कि अगले साल से किसानों को मिलने वाली यह राशि बढ़कर 10000 रुपये सालाना हो सकती है. जान लें क्या है यह खबर.
10 हजार तक पहुंच सकती है मदद?
पिछले कुछ समय से पीएम किसान योजना में मिल रहे लाभ में बढ़ोतरी की चर्चाएं सुनने को मिली हैं. लेकिन आधिकारिक तौर पर किसी ने इस बारे में कोई बयान नहीं दिया है. लेकिन हाल ही में भारतीय कृषक समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भारत सरकार की हाईपावर परचेज कमेटी के सदस्य डॉ. कृष्णवीर चौधरी ने किसानों को यह संकेत जरूर दिया.
उन्होंने साफ तौर पर कहा कि सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए पूरी तरह गंभीर है. इसलिए ही विचार चल रहा है कि अगले साल से किसान सम्मान निधि की मौजूदा रकम को बढ़ाकर सीधे 10 हजार रुपये सालाना कर दिया जाए.
अगर ऐसा होता है तो यह देश के किसानों के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं होगा. इससे किसानों को हर चार महीने में मिलने वाली किस्त में भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. जिससे खेती-किसानी की जरूरतों को पूरा करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा.
अब तक मिल चुकी इतनी किस्तें
पीएम किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत साल 2019 में हुई थी. तबसे लेकर अबतक इस योजना में करोड़ों किसानों को कई हजार करोड़ की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है. योजना में बिना किसी बिचौलिये पैसा सीधे डीबीटी के जरिए किसानों की जेब में पहुंचा है. सरकार साल में 2000 रुपये की कुल 3 किस्तें जारी करती है. जो कि हर चार महीने के अंतराल पर दी जाती है.
अब तक सरकार की इस स्कीम के तहत कुल 23 किस्तें भेजी जा चुकी हैं. आंकड़ों के लिहाज से देखें तो सरकार अबतक लगभग 4.47 लाख करोड़ रुपये सीधे किसानों को दे चुकी है. हाल ही में सरकार ने इस योजना को 2030-31 तक जारी रखने का भी ऐलान किया है.

यह भी पढ़ें: कुक्कुट पालन योजना से शुरू करें रोजगार, सरकार दे रही 45 चूजे और 10 किलो दाना
कब मिलेगी अगली किस्त?
देश के करोड़ों लाभार्थी किसानों की नजरें अब पूरी तरह 24वीं किस्त पर टिकी हुई हैं. सरकार ने 20 जून को 23वीं किस्त के तहत 9.44 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में लगभग 18880 करोड़ रुपये भेजे थी. पीएम किसान योजना का पैसा हर चार महीने के अंतराल पर भेजा जाता है इसलिए अगली यानी 24वीं किस्त अक्टूबर महीने के आसपास आने की पूरी संभावना जताई जा रही है.
हालांकि इस तारीख को लेकर सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगाई गई है. कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि त्योहारी सीजन से पहले सरकार किसानों के खाते में 2000 रुपये की यह सौगात भेज सकती है. सभी किसान योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना स्टेटस चेक कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: गाय पालने के लिए सरकार देगी मदद, जान लें कैसे करना होगा आवेदन






