- गेम का डेटा भारतीय सर्वर पर रहेगा, दिवाली कैंपेन भी.
मोबाइल गेमिंग की दुनिया में Free Fire की वापसी का इंतजार कर रहे भारतीय खिलाड़ियों के लिए अच्छी अपडेट है. Garena ने पुष्टि की है कि Free Fire India (FFI) को 28 अक्टूबर से डाउनलोड किया जा सकेगा. इस बार गेम को भारतीय खिलाड़ियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.
इसमें स्थानीय इवेंट्स और खास कैंपेन के साथ ऐसे फीचर्स भी दिए जाएंगे, जो गेम खेलने के समय और खर्च को कंट्रोल करने में मदद करेंगे. खास बात यह है कि 18 साल से कम उम्र के खिलाड़ियों के लिए पेरेंट्स की परमिशन जरूरी होगी. इसके अलावा गेम में खेलने के दौरान ब्रेक लेने की याद दिलाने और खेलने के समय की सीमा तय करने जैसे ऑप्शन भी मिलेंगे.
28 अक्टूबर से डाउनलोड कर सकेंगे Free Fire India
Garena के मुताबिक, Free Fire India को एक अलग ऐप के रूप में लॉन्च किया जा रहा है. खिलाड़ी इसे 28 अक्टूबर से Google Play Store और Apple App Store के जरिए फ्री डाउनलोड कर सकेंगे. कंपनी ने इसके भारतीय वर्जन में देश के खिलाड़ियों के लिए खास कंटेंट, स्थानीय इवेंट्स और कैंपेन शामिल करने की बात कही है. गेम में दिवाली के मौके पर एक विशेष कैंपेन भी चलाया जाएगा, जो अगले महीने तक जारी रहेगा.
18 साल से कम उम्र के खिलाड़ियों के लिए खास नियम
Free Fire India में कम उम्र के खिलाड़ियों के लिए कुछ जरूरी शर्तें रखी गई हैं. 18 साल से कम उम्र के यूजर्स को गेम खेलने के लिए पेरेंट्स की परमिशन होगी. इसके साथ ही गेम में नियमित अंतराल पर ब्रेक लेने के रिमाइंडर भी दिए जाएंगे. खेलने के समय पर सीमा तय करने और गेम के अंदर होने वाले खर्च को कंट्रोल करने के ऑप्शन भी शामिल होंगे. इन फीचर्स का उद्देश्य खिलाड़ियों को गेमिंग के दौरान समय और खर्च का ध्यान रखने में मदद करना है.
यह भी पढ़ें – Instagram पर अब 90 मिनट के वीडियो, YouTube को टक्कर देने की तैयारी
भारतीय सर्वर और डेटा सुरक्षा पर भी ध्यान
Garena का कहना है कि Free Fire India को तैयार करते समय भारत के संबंधित सरकारी पक्षों से मिले सुझावों और फीडबैक को ध्यान में रखा गया है. इसके तहत गेम का डेटा भारत में मौजूद सर्वर पर होस्ट किया जाएगा. ऐप की लिस्टिंग के मुताबिक, इसमें इन-ऐप खरीदारी की सुविधा होगी और मिडियम स्तर की हिंसा वाले कंटेंट के कारण इसे 12 साल या उससे ज्यादा उम्र के यूजर्स के लिए रेट किया गया है.
10 मिनट के मैच में 50 खिलाड़ियों के बीच मुकाबला
गेमप्ले की बात करें तो Free Fire India में खिलाड़ियों को 10 मिनट का सर्वाइवल मैच मिलेगा. इसमें 50 खिलाड़ी पैराशूट के जरिए एक द्वीप पर उतरेंगे और मुकाबला करेंगे. लक्ष्य आखिरी खिलाड़ी या टीम के रूप में मैदान में बने रहना होगा. गेम में अलग-अलग क्षमताओं वाले कैरेक्टर भी मिलेंगे, जिन्हें खिलाड़ी अपनी पसंद के मुताबिक कस्टमाइज कर सकेंगे. इसके अलावा तेजी से मुकाबला करने के लिए 4v4 प्लेऑफ मोड भी दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें – Snapdragon को टक्कर देगा Samsung का Exynos 2700? रिपोर्ट में बड़ा दावा






