कोरोना वायरस एक बार फिर अपने नए वैरिएंट को लेकर चर्चा में है. इस बार वैज्ञानिकों की नजर PJ.2.1 नाम के नए वैरिएंट पर है, जिसमें वायरस के स्पाइक प्रोटीन में कई बदलाव देखने को मिले हैं. यही प्रोटीन कोरोना वायरस को इंसान की कोशिकाओं से जुड़ने और उनमें एंट्री करने में मदद करता है. ऐसे में वैज्ञानिक यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि यह वैरिएंट कितनी तेजी से फैल सकता है और पहले से बनी इम्युनिटी इस पर कितना असर करेगी?
PJ.2.1 सबसे पहले मई 2026 में कनाडा के ओंटारियो में सामने आया था. इसके बाद अमेरिका, यूरोप, एशिया और ओशेनिया के कुछ हिस्सों में भी इसकी मौजूदगी की खबरें सामने आईं. इसके फैलने के साथ ही सवाल उठने लगे हैं कि क्या कोरोना की एक और लहर आ सकती है? क्या पुरानी वैक्सीन इस नए वैरिएंट से बचाने में कारगर होगी? क्या यह कोरोना के पुराने वैरिएंट से ज्यादा खतरनाक है? आइए जानते हैं.
क्या है कोरोना का नया वैरिएंट PJ.2.1?
PJ.2.1 कोरोना वायरस यानी SARS-CoV-2 का नया वैरिएंट है. यह वायरस के पुराने वैरिएंट से कुछ आनुवंशिक बदलावों के साथ सामने आया है. वैज्ञानिकों के अनुसार, इसका संबंध MC.10.1.7 वंश से है, जो पहले JN.1 से जुड़ा हुआ था.
इस वैरिएंट को लेकर अक्टूबर 2026 में Journal of Infection में एक रिसर्च पब्लिश हुई. जर्मनी के वैज्ञानिक मार्कस हॉफमैन और उनकी टीम ने इस रिसर्च में PJ.2.1 के फैलने के तरीके और उसके स्पाइक प्रोटीन के व्यवहार पर स्टडी की. इसमें सामने आया कि PJ.2.1 में कुछ ऐसे बदलाव हैं, जो इसे इंसान की कोशिकाओं के साथ जुड़ने में मदद कर सकते हैं.
स्पाइक प्रोटीन में बदलाव क्यों बढ़ा रहे चिंता?
कोरोना वायरस के बाहर कांटों जैसी संरचना दिखाई देती है, जिसे स्पाइक प्रोटीन कहते हैं. वायरस इसी प्रोटीन की मदद से इंसान की कोशिकाओं तक पहुंचता है और उनमें एंट्री करने की कोशिश करता है. दरअसल, इंसान की कोशिकाओं की सतह पर ACE2 नाम का रिसेप्टर मौजूद होता है. कोरोना वायरस का स्पाइक प्रोटीन इस रिसेप्टर से जुड़कर कोशिका में एंट्री का रास्ता बनाता है.
रिसर्चर्स के अनुसार, इसकी वजह से वायरस को कुछ कोशिकाओं में एंट्री करने में आसानी हो सकती है. लैब में किए गए परीक्षणों में PJ.2.1 के स्पाइक प्रोटीन वाले कणों ने कुछ कोशिकाओं में दूसरे वैरिएंट की तुलना में लगभग 1.5 से 2.5 गुना अधिक प्रवेश क्षमता दिखाई.
क्या नए वैरिएंट पर बेअसर हो जाएगी कोरोना वैक्सीन?
PJ.2.1 को लेकर सबसे बड़ा सवाल वैक्सीन से मिलने वाली सुरक्षा का है. स्पाइक प्रोटीन में बदलाव होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि कहीं शरीर में पहले से बनी एंटीबॉडी इस वैरिएंट को पहचानने में कमजोर तो नहीं पड़ जाएंगी. हालांकि, शुरुआती रिसर्च के नतीजे कुछ हद तक राहत देने वाले हैं. जर्नल ऑफ इंफेक्शन में पब्लिश स्टडी के अनुसार, PJ.2.1 में वैक्सीन से बनी एंटीबॉडी को चकमा देने की क्षमता दूसरे कई वैरिएंट की तुलना में बहुत ज्यादा नहीं पाई गई.

क्या PJ.2.1 वैरिएंट पहले से ज्यादा खतरनाक?
किसी वायरस का तेजी से फैलना और उससे होने वाली बीमारी का गंभीर होना अलग-अलग बातें हैं. PJ.2.1 में कोशिकाओं से जुड़ने की क्षमता बढ़ने के शुरुआती संकेत जरूर मिले हैं, लेकिन ऐसा सबूत नहीं है कि यह वैरिएंट पहले के वैरिएंट की तुलना में ज्यादा गंभीर बीमारी पैदा करता है.
क्या भारत भी पहुंच गया कोरोना का नया वैरिएंट?
PJ.2.1 के मामले अमेरिका, कनाडा, यूरोप, एशिया और ओशेनिया के कुछ हिस्सों में मिले हैं. अभी भारत में इसकी मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई है. भारत में कोरोना वायरस के नए वैरिएंट की पहचान और निगरानी के लिए INSACOG यानी Indian SARS-CoV-2 Genomics Consortium का नेटवर्क काम करता है. इसके तहत अलग-अलग राज्यों से कोरोना के सैंपल लेकर उनकी जीनोम सीक्वेंसिंग की जाती है.
ये भी पढ़ें: नवजात बच्चे को नहीं लगा ये इंजेक्शन, बढ़ जाएगा ब्लीडिंग का खतरा! सामने आई रिसर्च
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator






