अगर प्रिंट कमांड देने के बाद काम अटका हुआ है, तो Settings में Bluetooth & devices के अंदर Printers & scanners खोलें. अपना प्रिंटर चुनकर Open print queue पर जाएं और जरूरत पड़ने पर लंबित प्रिंट जॉब कैंसल करें. इसके बाद Win + R दबाकर services.msc लिखें. Services में Print Spooler खोजें, उस पर राइट क्लिक करें और Restart चुनें. इससे प्रिंटिंग प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने में मदद मिल सकती है.

पुराना या गलत ड्राइवर Windows और प्रिंटर के बीच काम करने में समस्या पैदा कर सकता है. इसे अपडेट करने के लिए Start मेन्यू में Device Manager सर्च करें. इसे खोलकर Printers सेक्शन पर जाएं और अपने प्रिंटर पर राइट क्लिक करें. अब Update Driver चुनें और Search automatically for updated driver software पर क्लिक करें. अगर सही ड्राइवर नहीं मिलता, तो प्रिंटर की आधिकारिक वेबसाइट से अपने मॉडल और Windows वर्जन के अनुसार ड्राइवर डाउनलोड करें.

अगर प्रिंटर USB केबल से जुड़ा है, तो देखें कि केबल कंप्यूटर और प्रिंटर दोनों में ठीक से लगी है या नहीं. जरूरत पड़ने पर दूसरा USB पोर्ट या केबल इस्तेमाल करके देखें. वायरलेस प्रिंटर के मामले में यह तय करें कि कंप्यूटर और प्रिंटर एक ही Wi-Fi नेटवर्क से जुड़े हों. कमजोर कनेक्शन के कारण भी प्रिंटिंग में परेशानी आ सकती है.

प्रिंटर में कोई गड़बड़ी आने पर अगर बाकी तरीके काम नहीं करते, तो उसे बंद करके उसका पावर प्लग निकाल दें. करीब 30 सेकंड इंतजार करने के बाद प्लग दोबारा लगाएं और प्रिंटर चालू करें. इसके बाद कंप्यूटर को भी रीस्टार्ट करके प्रिंट निकालने की कोशिश करें. कई बार इस आसान तरीके से अस्थायी तकनीकी समस्याएं दूर हो सकती हैं.

इसके बाद भी अगर काम नहीं करता है, तो Settings में Printers & scanners खोलें और संबंधित प्रिंटर को Remove करें. कंप्यूटर रीस्टार्ट करने के बाद Add a printer or scanner ऑप्शन से उसे दोबारा जोड़ें. अगर प्रिंटर अपने आप नहीं मिलता, तो Add manually ऑप्शन आजमाएं. साथ ही Windows Update में जाकर उपलब्ध अपडेट भी चेक करें.कुछ ARM आधारित कंप्यूटरों में निर्माता के इंस्टॉलर से प्रिंटर जोड़ने में परेशानी हो सकती है. ऐसे में Microsoft के निर्देशों के अनुसार Windows की सेटिंग्स से प्रिंटर इंस्टॉल करने की कोशिश करें.

Windows 11 में प्रिंटर की समस्या पहचानने के लिए Get Help ऐप में मौजूद ऑटोमेटेड ट्रबलशूटर चलाया जा सकता है. यह गड़बड़ी की जांच करके उसे ठीक करने की कोशिश करता है. अगर इससे समस्या हल नहीं होती है, तो Windows की सपोर्ट गाइड में दिए गए संबंधित समाधान आजमाएं.
Published at : 25 Oct 2026 10:39 AM (IST)






