Cow Calf Care: गाय या भैंस के घर जब नया बछड़ा जन्म लेता है, तो उसकी अच्छी देखभाल करना बहुत जरूरी होता है. जन्म के बाद शुरुआती कुछ घंटे बछड़े के लिए काफी अहम होते हैं. इस दौरान उसे क्या खिलाया-पिलाया जा रहा है, इसका असर उसकी सेहत और आगे होने वाली बढ़त पर पड़ता है.
खास तौर पर खीस यानी मां का पहला गाढ़ा दूध बछड़े के लिए बेहद जरूरी होता है. पशुपालकों को ध्यान रखना चाहिए कि, बछड़े को जन्म के बाद खीस पिलाने में ज्यादा देर न करें.
जन्म के एक-दो घंटे के अंदर पिलाएं खीस
बछड़े के जन्म के बाद कोशिश करनी चाहिए कि उसे पहले एक से दो घंटे के अंदर खीस पिला दी जाए. अगर संभव हो तो जन्म के पहले घंटे में ही उसे खीस पिलाना और भी अच्छा रहता है. दरअसल, जन्म के बाद बछड़े का शरीर मां के पहले दूध से मिलने वाली बीमारियों से लड़ने की ताकत को आसानी से सोख पाता है. समय बीतने के साथ यह ताकत सोखने की क्षमता कम होने लगती है.
इसलिए खीस पिलाने में देरी करना बछड़े की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है. पहले 24 घंटे के अंदर उसे पर्याप्त मात्रा में खीस मिलना भी जरूरी है. आम तौर पर बछड़े को उसके शरीर के वजन का करीब 10 फीसदी खीस पहले 24 घंटे में देने का लक्ष्य रखा जाता है. इसे एक साथ देने के बजाय पशु चिकित्सक की सलाह के अनुसार अलग-अलग बार पिलाया जा सकता है.
बछड़े के लिए क्यों जरूरी है खीस?
खीस सामान्य दूध से थोड़ा गाढ़ा और पीले रंग का होता है. इसमें ऐसे पोषक तत्व और रोगों से लड़ने वाले खास तत्व होते हैं, जो नवजात बछड़े को शुरुआती दिनों में बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं. जन्म के समय बछड़े में इनकी मात्रा बहुत कम होती है. ऐसे में मां की खीस से उसे जरूरी सुरक्षा मिलती है.
खीस में प्रोटीन, विटामिन और मिनरल भी होते हैं. ये बछड़े के शरीर को ताकत देने और उसकी शुरुआती बढ़त में मदद करते हैं. इससे दस्त, सांस से जुड़ी परेशानी और दूसरी बीमारियों का खतरा कम करने में मदद मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: दुधारू पशुओं को साल में कितनी बार देनी चाहिए कीड़े मारने की दवा?
खीस पिलाते समय इन बातों का रखें ध्यान
पशुपालकों को खीस पिलाने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए.
- बछड़े को साफ और ताजा खीस ही पिलाएं.
- खीस पिलाने से पहले मां के थनों को साफ कर लें.
- अगर बछड़ा खुद दूध नहीं पी पा रहा है, तो साफ बोतल या दूसरे साफ बर्तन से खीस पिलाएं.
- खीस बहुत ठंडा या गंदा नहीं होना चाहिए.
- अगर मां की मौत हो गई है या उसके पास खीस नहीं है, तो पशु चिकित्सक की सलाह से दूसरे स्वस्थ पशु का खीस या कोलोस्ट्रम रिप्लेसर दिया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: मुर्गियों को क्या खिलाएं कि तेजी से बढ़े वजन और अंडा उत्पादन? जानें






