पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला रावलपिंडी में खेला जा रहा है. इस टेस्ट के पहले दिन खराब रोशनी की वजह से सिर्फ 67.2 ओवर का ही खेल हो सका. पाकिस्तान ने स्टम्प्स तक 5 विकेट खोकर 281 रन बना लिए हैं. पहले टेस्ट के पहले दिन पाकिस्तान के चार बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़े. वहीं स्टम्प्स के समय सऊद शकील 57 और गाजी गोरी 07 रनों पर नाबाद लौटे.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम को अजान ओवैस और तैय्यब आरिफ की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 86 रन जोड़े. ओवैस 30 रन बनाकर आउट हुए, जिसके कुछ देर बाद टीम ने तैय्यब का विकेट भी खो दिया, जो 51 गेंदों में 1 छक्के और 9 चौकों के साथ 57 रन बनाकर आउट हुए.
पाकिस्तान को 90 के स्कोर तक 2 झटके लग गए थे. यहां से कप्तान बाबर आजम ने मोहम्मद ताहा के साथ तीसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी की. बाबर 7 चौकों के साथ 50 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद मोहम्मद ताहा ने सऊद शकील के साथ चौथे विकेट के लिए 68 रन जोड़कर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया.
ताहा ने 105 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौकों के साथ 51 रन की पारी खेली. टीम को 227 के स्कोर पर चौथा झटका लगा, जिसके बाद सऊद शकील ने मोर्चा संभाला. सऊद शकील दिन की समाप्ति तक 7 चौकों के साथ 57 रन बनाकर नाबाद हैं.
पहले दिन के खेले में असिथा फर्नांडो 64 रन देकर 2 विकेट अपने नाम कर चुके हैं, जबकि दिलशान मदुशंका, मिलन प्रियनाथ रत्नायके और सोनल दिनुशा ने 1-1 विकेट हासिल किया है.
पाकिस्तान के लिए इस टेस्ट मैच में चार खिलाड़ियों ने डेब्यू किया है. ओपनर तैय्यब आरिफ और तीसरे नंबर पर आए मोहम्मद ताहा ने अपनी डेब्यू टेस्ट पारी में ही अर्धशतक जड़े. इसके अलावा अराफात मिन्हास और साकिब खान ने भी टेस्ट डेब्यू किया है.
यह भी पढ़ें-
दक्षिण अफ्रीका टेस्ट, वनडे और टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का एलान, नोट कर लें शेड्यूल






