मुर्गियों को क्या खिलाएं कि तेजी से बढ़े वजन और अंडा उत्पादन? जानें

मुर्गियों को क्या खिलाएं कि तेजी से बढ़े वजन और अंडा उत्पादन? जानें


Poultry Farming: खेती के साथ अतिक्त कमाई के लिए बहुत से किसान मुर्गी पालन कर अपनी आमदनी बढ़ा रहे हैं. हालांकि इस काम में अच्छे मुनाफे के लिए मुर्गियों के खानपान पर ध्यान देना सबसे जरूरी है. अगर मुर्गियों को सही खाना न दिया जाए तो उनकी बढ़वार धीमी हो सकती है.

वहीं दूसरी तरफ सही दाना-पानी न मिलने से अंडे देने वाली मुर्गियों का उत्पादन भी कम हो सकता है. इसलिए मुर्गी पालकों को पता होना चाहिए कि किस तरह की मुर्गी को कैसा दाना देना चाहिए और उसके खाने में कौन-कौन सी चीजें शामिल होनी चाहिए.

मुर्गियों के दाने में शामिल करें ये चीजें

मुर्गियों के अच्छे विकास के लिए उनके दाने में मक्का, गेहूं, चावल की कनकी और सोयाबीन की खली जैसी चीजें शामिल की जाती हैं. मक्का से मुर्गियों को ऊर्जा मिलती है, जबकि सोयाबीन की खली से प्रोटीन मिलता है. इसके अलावा दाने में कैल्शियम, विटामिन और दूसरे जरूरी खनिज भी होने चाहिए. सिर्फ अनाज खिलाने से मुर्गियों को पूरा पोषण नहीं मिल पाता. इसलिए ऐसा संतुलित दाना देना चाहिए, जिससे उनका शरीर अच्छी तरह विकसित हो और वे स्वस्थ रहें.

तीन तरह की होती हैं मुर्गियां

मुर्गी पालन आमतौर पर तीन तरह से किया जाता है. इसी आधार पर मुर्गियों की तीन श्रेणियां होती हैं.

  • ब्रॉयलर मुर्गियां: इन्हें मांस के लिए पाला जाता है. इनके दाने में ऐसे पोषक तत्व होने चाहिए, जिससे कम समय में वजन तेजी से बढ़ सके.
  • लेयर मुर्गियां: इन्हें अंडे देने के लिए पाला जाता है. इनके खाने में प्रोटीन के साथ कैल्शियम की सही मात्रा जरूरी है.
  • ब्रीडर मुर्गियां: इनका पालन चूजे तैयार करने के लिए किया जाता है. इसलिए इनके दाने में सभी जरूरी पोषक तत्वों का संतुलन होना चाहिए.

यह भी पढ़ें: दुधारू पशुओं को साल में कितनी बार देनी चाहिए कीड़े मारने की दवा?

ब्रॉयलर मुर्गियों को तीन चरणों में दें दाना

ब्रॉयलर मुर्गियों को उनकी उम्र और बढ़वार के हिसाब से तीन तरह का दाना दिया जाता है. इसे प्री-स्टार्टर, स्टार्टर और फिनिशर फीड कहते हैं.

  • प्री-स्टार्टर दाना: शुरुआती दिनों में दिया जाता है. इसमें करीब 23 फीसदी प्रोटीन और 2,950 किलो कैलोरी ऊर्जा होती है.
  • स्टार्टर दाना: बढ़वार के अगले चरण में दिया जाता है. इसमें लगभग 21 फीसदी प्रोटीन और 3,500 किलो कैलोरी ऊर्जा होती है.
  • फिनिशर दाना: यह आखिरी चरण में दिया जाता है. इसमें करीब 19 फीसदी प्रोटीन और 3,100 से 3,200 किलो कैलोरी ऊर्जा होती है.

पौष्टिक दाना बनाने में काम आती हैं ये चीजें

मुर्गियों का दाना तैयार करने के लिए मक्का, चावल और गेहूं का खंड, राइस ब्रान, सोयाबीन, मछली का चूरा और मीट बोन मील का इस्तेमाल किया जाता है. इन चीजों से मुर्गियों को ऊर्जा और प्रोटीन मिलता है. इसके अलावा विटामिन बी-कॉम्प्लेक्स और दूसरे जरूरी विटामिन भी दाने में शामिल किए जाते हैं. लेयर और ब्रीडर मुर्गियों के लिए कैल्शियम का सही स्तर बनाए रखना खास तौर पर जरूरी है.

साफ पानी देना भी है जरूरी

मुर्गियों को अच्छा दाना देने के साथ हर समय साफ और ताजा पानी भी उपलब्ध कराना चाहिए. पानी की कमी होने पर उनकी सेहत और उत्पादन दोनों प्रभावित हो सकते हैं. इसलिए दाने और पानी के बर्तनों की नियमित सफाई करें.  साथ ही, मुर्गियों की उम्र और पालन के उद्देश्य के हिसाब से दाने की मात्रा तय करें. इससे उनका स्वास्थ्य अच्छा रखने और मांस व अंडा उत्पादन बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है.

यह भी पढ़ें: 1000 बत्तख पालने में रोज कितना आता है खर्च? जानें पूरा हिसाब



Source link