हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा के शानदार शतक के बाद वैष्णवी शर्मा की फिरकी के जादू से भारत की महिला टीम ने जिम्बाब्वे को दूसरे वनडे में 121 रन से हरा दिया. रविवार (25 अक्टूबर) को वडोदरा में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करने के बाद 50 ओवर में 6 विकेट पर 328 रन बनाए. चेज के लिए उतरी जिम्बाब्वे 48.5 ओवर में 207 रन पर सिमट गई. इस दौरान भारत के लिए वैष्णवी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए. इसके साथ भारत ने 3 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली.
भारत के लिए पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 121 गेंदों में 15 चौकों की मदद से 126 रन बनाए. इसके अलावा दीप्ति शर्मा ने 86 गेंदों में 15 चौकों की मदद से 106 रन स्कोर किए. दोनों ने 5वें विकेट के लिए 153 (137 गेंद) रनों की साझेदारी की. यह पारी में सबसे बड़ी साझेदारी रही, जिसकी बदौलत टीम इंडिया ने 300 रन का आंकड़ा पार किया.
भारत की शुरुआत खराब हुई थी. 19 रन पर 2 विकेट गिर जाने के बाद हरमनप्रीत ने ओपनर प्रतिका रावल (67 गेंद में 61 रन) के साथ भी तीसरे विकेट के लिए 124 रन जोड़े. इससे टीम ने एक बार फिर लय पकड़ी और बड़ा टोटल बोर्ड पर लगाया.
Maiden wicket & the win 🌟☝️ Jintimani Kalita strikes for the very first time in ODIs to wrap up the innings and seal a spectacular victory for #TeamIndia 🇮🇳 Scorecard ▶️ https://t.co/ECnfLgdfi7 #INDvZIM | @mflone_ https://t.co/6Gayz0X64R
— BCCI Women (@BCCIWomen) October 25, 2026
चेज में अच्छी शुरुआत के बाद बिखरी जिम्बाब्वे
जिम्बाब्वे ने शुरुआती 10 ओवर में लॉरिन फिरी (06) का विकेट गंवाकर 47 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की. पहला विकेट 38 रन पर गिरने के बाद टीम को दूसरा झटका 107 रन पर लगा. यहां से विकेट गिरने का सिलसिला नहीं थमा. 120 रन पर तीसरा, 154 रन पर चौथा, 168 रन पर पांचवां, 179 रन पर छठा, 198 रन पर सातवां, 198 रन पर आठवां, 207 रन पर नौवां और 207 रन पर ही 10वां विकेट गिरा. ओपनर मोडेस्टर मुपाचिकवा ने 49 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली. कुल 5 बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकीं. इसमें 3 बल्लेबाज बिना खोले जीरो पर ही आउट हो गईं. इस तरह चेज में अच्छी शुरुआत के बाद जिम्बाब्वे फ्लॉप हुई.
यह भी पढ़ें: ‘असंभव’ हुआ ‘संभव’, 154 पर 9 विकेट; फिर 241 के चेज में जीता PAK; शादाब खान बने हीरो






