माली में अलकायदा से जुड़े आतंकवादियों ने 3 भारतीयों को अगवा किया, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

माली में अलकायदा से जुड़े आतंकवादियों ने 3 भारतीयों को अगवा किया, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी


माली की एक सीमेंट फैक्ट्री में काम करने वाले तीन भारतीय नागरिकों को अल-कायदा से जुड़े आतंकवादियों ने अगवा कर लिया है. एक रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार को अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है. पश्चिमी अफ्रीकी देश माली के कई हिस्सों में सिलसिलेवार आतंकवादी हमले हुए हैं. इसी बीच भारतीय नागरिकों का अपहरण कर लिया गया. भारत ने इसको लेकर चिंता जाहिर करते हुए माली सरकार से रिहाई सुनिश्चित करने के लिए कहा है.

भारतीयों के अपहरण के बाद भारत ने माली सरकार से उनकी ‘सुरक्षित और शीघ्र’ रिहाई सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने को कहा. विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कायेस स्थित डायमंड सीमेंट फैक्ट्री में काम करने वाले भारतीयों के अपहरण के संबंध में गहरी चिंता व्यक्त की. विदेश मंत्रालय ने कहा, ”यह घटना एक जुलाई को हुई, जब सशस्त्र हमलावरों के एक समूह ने फैक्टरी परिसर में हमला किया और तीन भारतीय नागरिकों को जबरन बंधक बना लिया.”

किसने ली माली में अटैक की जिम्मेदारी

अपहरण की जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन या व्यक्ति ने नहीं ली है. वहीं अल-कायदा से संबद्ध जमात नुसरत अल-इस्लाम वल-मुस्लिमीन (जेएनआईएम) ने मंगलवार को हमलों की जिम्मेदारी जरूर ली है.

माली में अब तक कई बार हो चुका है आतंकी हमला

माली में पिछले कुछ सालों में कई बार आतंकी हमले हुए हैं. इस एक जुलाई को हुए आतंकी हमले से पहले पिछले साल 17 सितंबर को बमाको में कई जगहों पर अटैक हुआ था. एएफपी न्यूज एजेंसी की खबर के मुताबिक इस अटैक में 77 लोगों की जान गई थी. वहीं 200 से ज्यादा लोग घायल हुए थे. इससे पहले 7 सितंबर 2023 में टिम्बकटू के पास नाइजर नदी में एक नौका पर हमला हुआ था. यूएस डिपार्टमेंट ऑफ स्टेट की रिपोर्ट के मुताबिक इस अटैक में 74 लोग मारे गए थे. इसमें 49 नागरिक शामिल थे वहीं 20 हमलावर और नाव की सिक्योरिटी टीम के लोग थे.

इनपुट – पीटीआई



Source link