Common Mistakes That Ruin Pasta Taste: पास्ता बनाना सुनने में जितना आसान लगता है, असल में उतना होता नहीं. कुछ लोगों को लगता है कि बस पानी उबालो, पास्ता डालो और ऊपर से सॉस मिलाकर काम खत्म. लेकिन कई बार अच्छी सामग्री इस्तेमाल करने के बाद भी पास्ता वैसा स्वाद नहीं देता जैसा रेस्टोरेंट में मिलता है. कभी नूडल्स चिपचिपे हो जाते हैं, कभी सॉस उन पर टिकता ही नहीं, तो कभी पूरा डिश फीका लगता है. दरअसल, पास्ता छोटी-छोटी बातों पर टिका होता है. पानी में नमक कितना है, पास्ता कितनी देर पका, और सॉस कब मिलाया गया, यही बातें पूरे स्वाद को बदल देती हैं.
सही नमक न डालने से यह होता है नुकसान
सबसे आम गलती होती है पास्ता के पानी में पर्याप्त नमक न डालना. पास्ता पकते समय पानी को सोखता है, इसलिए अगर पानी फीका होगा तो पास्ता भी बेस्वाद रहेगा. सही तरीका यह है कि पानी में इतना नमक डालें कि उसका स्वाद हल्के समुद्री पानी जैसा लगे. इससे फ्लेवर पास्ता के अंदर तक जाता है.
पास्ता पकाते समय इस बात का रखें विशेष ध्यान
दूसरी बड़ी गलती है छोटे बर्तन में पास्ता पकाना. जब पास्ता को फैलने की जगह नहीं मिलती, तो उसमें से निकलने वाला स्टार्च पानी को जल्दी गाढ़ा कर देता है और नूडल्स आपस में चिपकने लगते हैं. बड़े बर्तन और ज्यादा पानी में पास्ता बेहतर तरीके से पकता है और उसकी बनावट सही रहती है.
इस कारण से भी बिगड़ जाता है स्वाद
पास्ता को जरूरत से ज्यादा पकाना भी स्वाद बिगाड़ देता है. अल डेंटे यानी हल्का सा कड़ा पास्ता सबसे बेहतर माना जाता है। इसलिए पैकेट पर दिए समय से एक-दो मिनट पहले ही पास्ता चखना शुरू कर दें. अगर बीच में हल्का महसूस हो और कच्चापन न लगे, तो समझिए पास्ता तैयार है.
पास्ता छानने के दौरान नहीं करना चाहिए ये गलती
कई लोग पास्ता छानने के बाद उसे पानी से धो देते हैं, जबकि यही गलती सॉस का स्वाद खराब कर देती है. पास्ता के ऊपर मौजूद स्टार्च ही सॉस को अच्छी तरह चिपकने में मदद करता है. इसलिए अगर ठंडा पास्ता सलाद नहीं बना रहे हैं, तो उसे धोने से बचें.
सॉस बिगड़ सकता है आपके स्वाद का मजा
एक और जरूरी बात यह है कि सॉस को सिर्फ ऊपर से डालने के बजाय पास्ता के साथ पैन में मिलाकर थोड़ा पकाएं. इससे सॉस और पास्ता अलग-अलग नहीं लगते, बल्कि स्वाद एकसाथ घुल जाता है.
इसे भी पढ़ें – Gulkand Milk Recipe: गर्मी में ठंडक देने वाला देसी ड्रिंक, घर पर मिनटों में बनाएं हेल्दी गुलकंद मिल्क, जानें रेसिपी
स्टार्च वाला पानी फेंकना स्वाद बढ़ा सकता है
इसके अलावा, पास्ता उबालने के बाद बचा हुआ स्टार्च वाला पानी फेंकना भी गलती है. यही पानी सॉस को स्मूद और क्रीमी बनाता है. थोड़ा सा पानी मिलाने से सॉस बेहतर तरीके से पास्ता पर चढ़ता है.
आखिरी गलती जो सब करते हैं आपको नहीं करना है
आखिर में, पास्ता में बहुत ज्यादा चीजें डालने की कोशिश न करें. कई बार सिर्फ अच्छा ऑलिव ऑयल, लहसुन, टमाटर, चीज और ताजी जड़ी-बूटियां ही शानदार स्वाद दे देती हैं. पास्ता की असली खूबसूरती उसकी सादगी में ही छिपी होती है.
इसे भी पढ़ें – कितनी भी कोशिश कर लो भटूरे फूलते नहीं हैं? इस ट्रिक से बनाओगे तो बन जाओगे ‘भटूरा मास्टर’






