बारिश में न आएं सांप, अपनाएं ये आसान टिप्स

बारिश में न आएं सांप, अपनाएं ये आसान टिप्स


How To Keep Snakes Away In Monsoon: मानसून का मौसम जहां हरियाली और ठंडक लेकर आता है, वहीं सांपों के घरों के आसपास दिखाई देने की घटनाएं भी इसी दौरान बढ़ जाती हैं. लगातार बारिश होने पर बिलों और जमीन के नीचे मौजूद जगहों में पानी भर जाता है, जिससे सांप सुरक्षित और सूखी जगह की तलाश में निकल पड़ते हैं. यही वजह है कि कई बार वे घर, बगीचे, बालकनी या छत तक पहुंच जाते हैं. एक्सपर्ट का कहना है कि सांप इंसानों पर हमला करने के लिए घरों में नहीं आते, बल्कि उन्हें भोजन, पानी और छिपने की सुरक्षित जगह आकर्षित करती है. ऐसे में कुछ आसान सावधानियां अपनाकर इस खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है.

घर और बालकनी में बेकार सामान जमा न होने दें

बारिश के मौसम में घर की छत, बालकनी या गार्डन में अक्सर पुराने गमले, ईंटें, लकड़ी, पाइप, कार्डबोर्ड के डिब्बे और सूखे पत्ते जमा हो जाते हैं. ये सभी जगहें सांपों के छिपने के लिए सुरक्षित ठिकाना बन सकती हैं. इसलिए समय-समय पर इनकी सफाई करें और जिन चीजों की जरूरत नहीं है उन्हें हटा दें. अगर बालकनी या टैरेस पर पौधे लगाए हैं तो उनके आसपास भी सफाई बनाए रखें और घास या बेलों को जरूरत से ज्यादा बढ़ने न दें.

इसे भी पढ़ें – How To Prevent Lizards: क्या दीवार पर छिपकली देखकर लगता है डर? किचन और कमरों से भगाने का 1 पक्का इलाज

घर में आने के रास्ते बंद करें

छोटे-छोटे छेद और दरारें भी सांपों के लिए घर में प्रवेश का रास्ता बन सकती हैं. दरवाजे के नीचे का गैप, दीवारों की दरारें, पाइपलाइन के आसपास की खुली जगह, ड्रेनेज आउटलेट और वेंटिलेशन जैसी जगहों की जांच करें. जहां जरूरत हो वहां सीलेंट लगाएं और ड्रेन या वेंट पर मजबूत जाली लगाएं. अगर घर की छत पर पानी निकालने का पाइप खुला है तो उस पर भी महीन वायर मेश लगाना बेहतर रहेगा.

पानी जमा न होने दें

बारिश के दौरान गमलों की ट्रे, बाल्टी, टायर या अन्य बर्तनों में पानी जमा रहना आम बात है. यह न सिर्फ मच्छरों के पनपने की वजह बनता है बल्कि मेंढक और कीड़ों को भी आकर्षित करता है. चूंकि सांप इन्हीं जीवों का शिकार करते हैं, इसलिए ऐसी जगहों पर उनके आने की संभावना बढ़ जाती है बारिश के बाद गमलों की ट्रे खाली करें, लीकेज ठीक कराएं और इस बात का ध्यान रखें कि कहीं भी लंबे समय तक पानी जमा न रहे.

पेड़ों की शाखाएं और बेलें समय पर काटें

अगर आपके घर की बालकनी या छत के पास पेड़ों की शाखाएं पहुंच रही हैं या दीवारों पर घनी बेलें फैली हुई हैं तो उन्हें समय-समय पर काटते रहें. कई प्रजातियों के सांप खुरदरी सतहों, पाइपों, पेड़ों की डालियों और बेलों के सहारे ऊपर तक चढ़ सकते हैं. इसलिए कोशिश करें कि कोई भी शाखा या बेल घर की रेलिंग या दीवार को न छुए.

Snake Prevention Tips: बारिश में न आएं सांप, अपनाएं ये आसान टिप्स

घर के आसपास चूहे और दूसरे कीट न पनपने दें

एक्सपर्ट के मुताबिक सांप वहां ज्यादा आते हैं जहां उन्हें आसानी से भोजन मिल सके. अगर घर के आसपास चूहे, मेंढक या बड़े कीड़ों की संख्या अधिक है तो सांपों के आने की संभावना भी बढ़ जाती है. पालतू जानवरों का खाना खुले में न छोड़ें, कूड़ेदान को ढककर रखें, गिरे हुए फल तुरंत हटा दें और यदि चूहों की समस्या हो तो समय रहते उसका समाधान करें. जब भोजन के स्रोत कम होंगे तो सांप भी उस जगह की ओर कम आकर्षित होंगे.

रोशनी का भी रखें ध्यान

रातभर जलने वाली तेज सफेद रोशनी बड़ी संख्या में कीड़ों को आकर्षित करती है. इसके बाद मेंढक और अन्य छोटे जीव वहां पहुंचते हैं और उनके पीछे सांप भी आ सकते हैं. ऐसे में बाहर की लाइट के लिए पीले रंग की एलईडी या मोशन सेंसर लाइट का इस्तेमाल बेहतर विकल्प माना जाता है. इससे जरूरत के समय रोशनी भी मिलती है और पूरी रात कीड़ों की आवाजाही भी कम रहती है.

घरेलू उपायों पर पूरी तरह भरोसा न करें

अक्सर लोग लहसुन, नीम की पत्तियां, लौंग का तेल, तंबाकू या नेफ्थलीन की गोलियों को सांप भगाने का असरदार उपाय मानते हैं. हालांकि इनके प्रभाव को लेकर साइंटफिक प्रमाण बहुत सीमित हैं. इसलिए इन्हें सुरक्षा का मुख्य उपाय मानने के बजाय अतिरिक्त सावधानी के तौर पर ही इस्तेमाल करें. यदि नेफ्थलीन की गोलियां रखें तो उन्हें बच्चों, पालतू जानवरों और खाने-पीने की चीजों से दूर रखें.

इसे भी पढ़ें – Silver Cleaning Tips: काले पड़ गए चांदी के बर्तन? घर पर ही ऐसे लौटेगी चमक



Source link